आधे घंटे तक बंद रहा वकील का मोबाइल, चालू होते ही खाते से 98 हजार गायब
फोन-पे से हुआ अनधिकृत ट्रांजेक्शन
हाईकोर्ट के अधिवक्ता ने दर्ज कराई एफआईआर
बिलासपुर. साइबर ठग अब लोगों के बैंक खातों तक पहुंचने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। बिलासपुर में हाईकोर्ट के एक अधिवक्ता के साथ ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। उनका मोबाइल फोन अचानक करीब आधे घंटे तक हैंग रहा। इस दौरान न स्क्रीन काम कर रही थी और न ही मोबाइल के बटन। जब फोन दोबारा सामान्य हुआ तो बैंक खाते से 98 हजार रुपए निकलने का मैसेज मिला। अधिवक्ता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम बिटकुली निवासी सुरेश कुमार कौशिक हाईकोर्ट में अधिवक्ता हैं। उनका बैंक खाता हाईकोर्ट परिसर स्थित भारतीय स्टेट बैंक में है, जो उनके मोबाइल नंबर से लिंक है। उन्होंने पुलिस को बताया कि 2 नवंबर की शाम करीब 5 बजे अचानक उनका मोबाइल फोन हैंग हो गया। काफी कोशिशों के बाद भी फोन की स्क्रीन और बटन काम नहीं कर रहे थे। करीब 30 मिनट तक वे मोबाइल का इस्तेमाल नहीं कर सके। कुछ देर बाद मोबाइल सामान्य हुआ तो उन्होंने फोन चेक किया। इस दौरान बैंक से ट्रांजेक्शन का मैसेज देखकर वे हैरान रह गए। बैंक खाते की जानकारी लेने पर पता चला कि शाम 5.02 बजे फोन-पे के माध्यम से 98 हजार रुपए का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन किया गया है। अधिवक्ता का कहना है कि उन्होंने न तो किसी को पैसे भेजे और न ही इस भुगतान की कोई अनुमति दी थी।
बाक्स में…
बैंक और साइबर पुलिस से की शिकायत
खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलते ही सुरेश कुमार ने एसबीआई के कस्टमर केयर पर संपर्क किया। उन्होंने तत्काल अपना बैंक खाता और एटीएम कार्ड अस्थायी रूप से ब्लॉक कराया, ताकि आगे किसी तरह का नुकसान न हो। इसके बाद उन्होंने उसी दिन साइबर थाने में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। चकरभाठा थाने में लिखित आवेदन देकर एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और संदिग्ध ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की जांच की जा रही है। मोबाइल हैंग होने और उसी दौरान खाते से रकम निकलने की घटना ने साइबर सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। हालांकि मोबाइल किस तरीके से प्रभावित हुआ और ठगी में किन लोगों की भूमिका है, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही होगा।


