देवव्रत सिंह के मृत्यु को भाजपा प्रवक्ता द्वारा सौभाग्य और मौका बताना भाजपा की घटिया मानसिकता : मोहन मरकाम

रायपुर. भारतीय जनता पार्टी की मानवीय संवेदनाएं मर चुकी है। भाजपा के एक प्रवक्ता द्वारा टीवी डिबेट में स्व. देवव्रत सिंह की दुखद मृत्यु को सौभाग्य बताना भाजपा की घृणित मानसिकता को दिखाता है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि भाजपा का मतलब बेहद जालिम पार्टी है जो मानवीय भावनाओं को भूलकर निम्न स्तर की राजनीति कर रही है। भाजपा के प्रवक्ता द्वारा देवव्रत सिंह की मृत्यु के कारण बनी उपचुनाव की स्थिति को मौका और सौभाग्य बताना बेहद शर्मनाक है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि लाशों पर राजनीति करना भाजपा का पुराना शगल रहा है। भाजपा के बयानों से ऐसा लगता है कि भाजपा स्व. देवव्रत सिंह की दुखद मृत्यु को अवसर के रूप में देख रही थी। भारतीय राजनीति को शर्मसार करने वाली यह घटना अपने आप में बिल्कुल नई और निंदनीय है। भाजपा एक बेहद गलत राजनैतिक परंपरा को जन्म दे रही है। ऐसी विकृत मानसिकता और घटिया राजनीति का कांग्रेस पुरजोर विरोध करते हैं। देवव्रत सिंह कांग्रेस के वरिष्ठ सम्मानित नेताओं में एक रहे हैं। करीब 22 साल तक कांग्रेस पार्टी के सक्रिय नेता रहे हैं। जिनका अलग वजूद रहा है। युवा कांग्रेस के प्रथम अध्यक्ष और खैरागढ़ के 4 बार के विधायक, एक बार सांसद और कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता जैसे महत्वपूर्ण पद में रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि देवव्रत सिंह के निधन को भाजपा द्वारा सौभाग्य कहा जाना खैरागढ़ क्षेत्रवासियों का अपमान है। वे खैरागढ़ सहित जिले व प्रदेश की राजनीति में अलग दखल रखते थे। उनका निधन कांग्रेस सहित समूचे अंचल के लिये अपूरणीय क्षति है। क्षेत्र व पार्टी में उनके योगदान को कभी भुलाया नही जा सकता। डॉ रमन सिंह सहित पूरी छत्तीसगढ़ भाजपा को इस अमानवीय कृत्य के लिए माफी मांगनी चाहिए।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!