गर्मी से राहत पाने जलाशय में अठखेलियां करते दिखा  हाथियों का दल

 

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। मरवाही क्षेत्र में इन दिनों दंतेल हाथियों अपना डेरा जमाए हुए हैं। भीषण गर्मी से बचने ४ हाथियों का दल ग्राम घुसरिया के जंगल में स्थित जलाशय में पानी पीते और अठखेलियां करते देखा गया है। वन विभाग ने मुनादी करा के सतर्क रहने की अपील की है।
इस दल में तीन दंतेल हाथी शामिल हैं, जिन्होंने एक बार फिर मरवाही के जंगलों का रुख किया है। ये हाथी ग्रामीणों द्वारा लगाई गई गर्मी की धान, मक्का और सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। वन विभाग किसानों को हो रहे नुकसान का आकलन कर रहा है। वन विभाग इन हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा है। वन कर्मियों ने आसपास के गांवों में मुनादी करवाकर ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की है, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।

इन दिनों जिले में भीषण गर्मी पड़ रही है, जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इस गर्मी से इंसान और जानवर दोनों परेशान हैं। हाथियों के इस झुंड ने भी गर्मी से राहत पाने के लिए घुसरिया के जंगल स्थित जलाशय को अपना अस्थायी ठिकाना बना लिया है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथियों के करीब न जाएं और उन्हें परेशान न करें, जिससे किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!