पूरे राज्य में बजा भाजपा का डंका… बिलासपुर नगर निगम में प्रचंड बहुमत, पूजा विधानी भारी मतों से जीती
49 पार्षद भाजपा के तो महज 18 में कांग्रेस सिमटी, तीन वार्डों में निर्दलीय पार्षदों ने जमाया कब्जा
बिलासपुर/ अनिश गंधर्व। पूरे राज्य में भारतीय जनता पार्टी के प्रति मतदाताओं ने विश्वास किया है। जिन जिलों में भाजपा का कभी खाता नहीं खुला था वहां से भी भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। बिलासपुर नगर निगम चुनाव में भाजपा के महापौर सहित 49 पार्षद जीतकर आये हैं। भाजपा कार्यालय में जश्न का महौल है तो वहीं कांग्रेसी कार्यालय में सन्नाटा पसरा हुआ हैं। आज सुबह से ही मतणना स्थल में भारी भीड़ रही। पहले राउंड से भाजपा प्रत्याशियों का जीत का सिलसिला शुरू हुआ। दोपहर में 12 बजे तक पूरा माहौल भाजपा मय हो गया। यहां 70 वार्डों के परिणाम में 49 भाजपा के पार्षद चुने गए। वहीं कांगे्रस के 18 उम्मीदवारों को सफलता मिली। इसी तरह 03 निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। शासन प्रशासन की निगरानी में शुरु मतगणना में महापौर प्रत्याशी पूजा विधानी पहले राउंड से कांग्रेस प्रत्याशी से आगे चल रही थी। गिनती पूरा होने पर जिला कलेक्टर ने भाजपा की महापौर प्रत्याशी पूजा विधानी को जीत का प्रमाण पत्र दिया। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री तोखन साहू व भाजपा के विधायक सुशांत शुक्ला के अलावा भारी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता उपस्थित थे। भारतीय जनता पार्टी द्वारा इस ऐतिहासिक जीत के मौके पर शानदार रैली भी निकाली जाएगी।