स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का जन अभियान बेलतरा से प्रारंभ

 

 कांग्रेसी बिजली उपभोक्ताओं से मिल रहे हैं
बिलासपुर। स्मार्ट मीटर, बिजली दरों में वृद्धि और अघोषित बिजली कटौती के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार से बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में एक सप्ताह का जनअभियान शुरू किया। अभियान की शुरुआत ग्राम सेलर से हुई, जो आगामी दिनों में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों और पंचायतों तक चलाया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने इस दौरान उन उपभोक्ताओं से भी मुलाकात की, जिनके बिजली बिल स्मार्ट मीटर लगने के बाद अधिक आने की शिकायत है।
ग्राम सेलर और तिफरा में आयोजित बैठकों में जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री, बेलतरा विधानसभा के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी विजय केशरवानी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धनंजय सिंह तथा रतनपुर ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रभंजन बैसवाड़े सहित अन्य नेताओं ने भाग लिया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बैठक में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि आम जनता, किसानों, छोटे व्यापारियों और विद्यार्थियों से जुड़ा जनहित का विषय है। उनका कहना था कि लगातार बिजली कटौती से किसानों की सिंचाई प्रभावित हो रही है, जबकि शहरों में बार-बार बिजली बाधित होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई, मरीजों की देखभाल, बुजुर्गों की दिनचर्या और छोटे कारोबारियों के कामकाज पर असर पड़ रहा है।

हाफ योजना को लागू करने की मांग
बैठक में कई मांगें भी रखी गईं। कांग्रेस ने बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस लेने, स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने, अघोषित बिजली कटौती तत्काल बंद करने व पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की 400 यूनिट बिजली हाफ योजना को दोबारा लागू करने की मांग की।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *