धरदेही धान खरीदी केंद्र में 66 लाख से अधिक का गबन

 

बिलासपुर.  धान खरीदी केंद्र धरदेई में लाखों रुपये के गबन का बड़ा मामला सामने आया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में थाना पथरिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए धान केंद्र प्रभारी कार्तिक राम ध्रुव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मोहर दास आर्य, जो जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित शाखा सरगांव में पदस्थ हैं, ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2025-26 के धान खरीदी सत्र के दौरान धान उपार्जन केंद्र धरदेई में भारी अनियमितता हुई है। जांच टीम द्वारा की गई संयुक्त जांच में 2156.08 क्विंटल धान की कमी पाई गई, जिसकी कीमत लगभग ₹66,83,848 आंकी गई है।

जांच में सामने आया कि केंद्र प्रभारी कार्तिक राम ध्रुव द्वारा अपने पद का दुरुपयोग करते हुए धान खरीदी कार्य में लापरवाही बरती गई और कूटरचित तरीके से रिकॉर्ड में हेरफेर कर शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया। इस मामले में थाना पथरिया में अपराध क्रमांक 87/26 के तहत धारा 316(2), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर 26 अप्रैल 2026 को आरोपी को नांदघाट, जिला बेमेतरा से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद धान खरीदी रजिस्टर, स्टॉक रजिस्टर सहित अन्य दस्तावेज जब्त किए गए।

आरोपी कार्तिक राम ध्रुव (53 वर्ष), निवासी झुलनाकला, थाना पथरिया को विधिवत गिरफ्तार कर 27 अप्रैल को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक गिरजाशंकर गोस्वामी (प्रभारी, थाना पथरिया), उपनिरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी (सायबर सेल प्रभारी), सहायक उपनिरीक्षक नरेश साहू, हलिस गेंदले, राहुल यादव, सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!