August 3, 2026
खेत में अचानक धंसी जमीन, कुएं जैसा गहरा गड्ढा बनने से गांव में मचा हड़कंप
बिलासपुर। जिले के सेमरताल क्षेत्र के मोहनाखार गांव में किसान अनिरुद्ध वर्मा के खेत में अचानक जमीन धंसने से कुएं जैसा गहरा गड्ढा बन गया। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों के अनुसार गड्ढे की गहराई इतनी अधिक है कि उसमें डाली गई एक बांस की पूरी लकड़ी भी नीचे तक नहीं पहुंच सकी। इससे लोगों में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना तत्काल पुलिस और प्रशासन को दी गई है, जिसके बाद मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी खेत में पहले भी इस तरह जमीन धंसने की घटना हो चुकी है। बार-बार जमीन धंसने से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है और उन्होंने प्रशासन से विशेषज्ञों की टीम भेजकर गड्ढा बनने के कारणों की जांच कराने तथा क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।


