चाकू की नोक पर लूट का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
कोनी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझाया मामला, तीन अपचारी बालक भी अभिरक्षा में
बिलासपुर। कोनी पुलिस ने चाकू की नोक पर लूट की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं प्रकरण में शामिल तीन विधि से संघर्षरत अपचारी बालकों को भी अभिरक्षा में लेकर बाल न्यायालय, बिलासपुर के समक्ष पेश किया गया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए दो मोबाइल फोन और नगदी समेत कुल 16,730 रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 14 अगस्त 2026 को कोनी-मोपका बायपास रोड पर अज्ञात आरोपियों ने कटनी (मध्यप्रदेश) निवासी बसंत कुमार मैहर और उसके दोस्त को चाकू दिखाकर डराया और उनके दो मोबाइल फोन तथा नगदी रकम लूटकर फरार हो गए थे। घटना की रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना कोनी पुलिस ने निरीक्षक जितेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में टीम गठित कर पतासाजी शुरू की। विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर राजेश सूर्यवंशी, दुर्गेश लोनिया, दुर्गेश लोनिया उर्फ दुर्गा सहित तीन विधि से संघर्षरत अपचारी बालकों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई।
पहचान कार्रवाई के बाद आरोपियों ने प्रार्थी और उसके दोस्त से मोबाइल फोन एवं नगदी लूटने की बात स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर दो मोबाइल फोन तथा 230 रुपये नगद बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार बरामद संपत्ति की कुल कीमत 16,730 रुपये है।
गिरफ्तार आरोपियों में राजेश सूर्यवंशी (19), दुर्गेश लोनिया (28) और दुर्गेश लोनिया उर्फ दुर्गा (19), सभी निवासी ग्राम बरपाली, थाना कोनी, जिला बिलासपुर शामिल हैं। आरोपियों के विरुद्ध धारा 309(4), 310(2) बीएनएस एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। तीनों अपचारी बालकों को बाल न्यायालय में पेश किया गया है।


