खरीफ सीजन से पहले किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने विधायक देवेंद्र यादव ने मंत्रियों को लिखा पत्र

 

 

भिलाई। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने प्रदेश में खरीफ सीजन शुरू होने से पहले किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग को लेकर कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम और खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता वितरण मंत्री दयाल दास बघेल को पत्र लिखा है।

विधायक देवेंद्र यादव ने पत्र में उल्लेख किया है कि दैनिक समाचार पत्रों के माध्यम से जानकारी मिल रही है कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में खरीफ सीजन शुरू होने से पहले ही किसानों के लिए खाद संकट की स्थिति बन रही है। विशेष रूप से डीएपी खाद की कमी को लेकर किसानों में चिंता बढ़ रही है। वहीं यूरिया का भंडारण भी आवश्यकता की तुलना में काफी कम बताया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ कृषि प्रधान राज्य है और प्रदेश की आधे से अधिक आबादी कृषि पर निर्भर है। ऐसे में खरीफ सीजन से पहले खाद संकट की स्थिति किसानों के लिए गंभीर परेशानी खड़ी कर सकती है। विधायक ने सहकारी एवं निजी क्षेत्रों में खाद की उपलब्धता को अभी संतोषजनक नहीं बताया।

पत्र में दुर्ग जिले की वर्तमान स्थिति का भी उल्लेख किया गया है। इसके अनुसार जिले में खाद वितरण का लक्ष्य 67,880 मीट्रिक टन है। अब तक 29,035 मीट्रिक टन खाद का भंडारण हुआ है, जिसमें से 10,171 मीट्रिक टन किसानों को वितरित किया जा चुका है। वर्तमान में 18,864 मीट्रिक टन खाद शेष है, जबकि जिले में 38,845 मीट्रिक टन खाद की आवश्यकता बताई गई है।

विधायक देवेंद्र यादव ने मंत्रियों से आग्रह किया है कि दुर्ग जिले सहित प्रदेश के किसानों को खरीफ सीजन से पहले पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि किसानों को समय पर खाद मिल सके।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!