प्रमुख बाजारों में महिलाओं के लिए बनेगा आधुनिक पिंक टायलेट
बिलासपुर. नगर निगम क्षेत्र के सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख बाजारों में आने-जाने वाली महिलाओं की सुविधा व स्वच्छता को बेहतर बनाने के लिए बाजार व सार्वजनिक स्थलों पर पिंक टॉयलेट बनाया जाएगा। शहर के सभी आठ जोन में जल्द ही आधुनिक पिंक टायलेट का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए महापौर पूजा विधानी ने सफाई विभाग के प्रभारी प्रवेश कश्यप को तत्काल स्थल चयन के निर्देश दिए हैं। इसे लेकर विकास भवन में महापौर पूजा विधानी की अध्यक्षता में बैठक हुई। महापौर पूजा विधानी ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए है कि सार्वजनिक क्षेत्रों में महिलाओं के लिए बुनियादी सुविधाओं की कमी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सफाई विभाग को निर्देशित किया कि ऐसे स्थानों का चयन करें, जहां महिलाओं का आना-जाना सबसे ज़्यादा होता है। इनमें प्रमुख बाजार, बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले इलाके प्रमुख हैं। इन पिंक टायलेट्स में स्वच्छता और सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। वही अधिकारियों ने जल्द ही जगह चयन की प्रक्रिया पूरी कर लेने के बाद पिंक टायलेट का निर्माण शुरू करवाने की बात कही है।


