मोदी सरकार के रिकॉर्ड 12 साल, भाजपा बोली बेमिसाल कार्यकाल
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की राजग सरकार 12 वर्ष पूर्ण कर चुकी है। इस कालखंड को ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की दिशा में बढ़ते हुए बताकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। मंगलवार को भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने संपादकों और वरिष्ठ संवाददाताओं के सामने मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का खाका खींचा। दो सत्र में चले इस कार्यक्रम में एक ‘शॉर्ट फिल्म’ भी दिखाई गयी। भाजपा के इस विशेष कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अलावा अन्य मंत्रियों- राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा, अश्विनी वैष्णव, पीयूष गोयल, धर्मेंद्र प्रधान, नितिन गडकरी एवं पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि बुधवार 10 जून को पीएम मोदी देश में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले पहले पीएम जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ देंगे।
शाम के सत्र में संपादकों से रू-ब-रू नबीन ने मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा, ‘आज समाज के हर तबके को नयी आवाज मिली है।’ वर्ष 2014 से पूर्व की सरकारों पर निशाना साधते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘कमजोर नेतृत्व के कारण पहले सत्ता को बचाने की राजनीति होती थी। मोदी ने राष्ट्र प्रथम की भावना को आगे रखते हुए सत्ता को सेवा माध्यम सिद्ध किया।’ मोदी सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए नबीन ने दावा किया कि जो किसान खेती के लिए कर्ज लेते थे, उन्हें पीएम किसान सम्मान निधि से संबल मिला। युवाओं को स्टार्टअप इंडिया, मुद्रा योजना आदि से आगे बढ़ने का अवसर मिला। आज युवा रोजगार याचक नहीं, सृजक हैं।


