गणेश प्रतिमा बनाने में जुट गये मूर्तिकार
बिलासपुर/अनिश गंधर्व. भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा बनाने वाले मूर्तिकार इन दिनों जोर शोर से अपना काम कर रहे हैं। आगामी दस सिंतबर को गणेश पूजा उत्सव प्रारंभ होने जा रहा है। शहर के चौक चौराहों और घरों में भगवान श्री गणेश की विधि विधान के साथ पूजा अर्चना करने की परंपरा वर्षों से चली आ रही है। जिला प्रशासन के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए गणेश पूजा समितियां अभी से तैयारी में जुट गए हैं। वहीं मूर्ति बनाने वाले कुम्हार व मूर्तिकार भी भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा को आकार दे रहे हैं। मिट्टी, पैरा लकड़ी का मिश्रण करके प्रतिमा बनाये जा रहे हैं। बीते कुछ वर्षों से जिला प्रशासन ने सख्त निर्देश दिये हैं कि नदी तालाबों में विसर्जन होने वाले प्रतिमा को मिट्टी से बनाया जाये ताकि प्रतिमा को पानी में डालते ही जल में घुल जाये। जिला प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए समिति के पदाधिकारी, डीजे संचालक और खासकर प्रतिमा को आकार देने वाले मूर्तिकार अपनी-अपनी तैयारी में अभी से जुट गये हैं। पोरा त्यौहार के बाद तीजा पर्व के समय 10 सिंतबर को गणेश पूजा प्रारंभ होने जा रहा है।