कलेक्टर ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को हेलमेट पहनने की अपील की

 

बिलासपुर. सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा हेलमेट उपयोग को बढ़ावा देने की पहल की गई है। कलेक्टर  संजय अग्रवाल ने जिले के सभी विभाग प्रमुखों को पत्र जारी कर दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने को अनिवार्य रूप से प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने कहा है कि सड़क दुर्घटनाएं केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित करती हैं। जिले में पिछले वर्ष लगभग 300 लोगों की सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु हुई थी। इनमें कई ऐसे मामले भी सामने आए, जिन्हें यातायात नियमों के पालन और सुरक्षा उपाय अपनाकर टाला जा सकता था। मोटर यान अधिनियम 1988 के तहत दुपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य है। हेलमेट दुर्घटना के दौरान सिर को गंभीर चोटों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और मृत्यु की आशंका को काफी हद तक कम करता है। इसी उद्देश्य से सभी कार्यालयों में हेलमेट उपयोग को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
कलेक्टर ने विभाग प्रमुखों से कहा है कि वे अपने कार्यालयों में आने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति छोटी-सी जागरूकता और जिम्मेदारी का भाव अनेक परिवारों को दुर्घटनाओं की पीड़ा से बचा सकता है। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं हेलमेट पहनें और अपने परिवार व परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करें। सुरक्षित यात्रा और जिम्मेदार नागरिकता का यह संकल्प सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!