किन्नरों ने कपड़े उतारकर यात्रियों से मांगे पैसे, थाने में जमकर किया हंगामा
बिलासपुर। बिलासपुर रेल मंडल की ट्रेनों में किन्नर समुदाय के दो गुटों के किन्नरों ने ट्रेन में कपड़ा उताकर यात्रियों से पैसे वसूले। इससे यात्री परेशान हुए। किन्नरों को भगाने वाले रेवले के कोई स्टाफ मौजूद नहीं थे। वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गई। दोनों पक्षों के किन्नरों ने तोरवा थाने में जमकर हंगामा मचाया। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
किन्नर समुदाय के दो बड़े गुटों राजा किन्नर और रजिया किन्नर के बीच वर्चस्व की लड़ाई चल रही है।राजा किन्नर के गुट के सदस्य कोटा-पेंड्रा रोड रूट पर सक्रिय हैं, जबकि रजिया किन्नर का गुट बिलासपुर, बिल्हा, रायपुर और रायगढ़ की ट्रेनों में वसूली करता है। दोनों पक्ष लंबे समय से सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के खिलाफ वीडियो पोस्ट करते हैं। वहीं, यात्रियों का आरोप है कि पैसे नहीं देने पर उनके साथ बदसलूकी की जाती है। आरोप है कि राजा किन्नर के समर्थकों ने रजिया किन्नर के चेलों के साथ मारपीट की। इसके बाद दोनों पक्ष तोरवा थाने पहुंच गए। यहां भी दोनों गुटों ने काफी देर तक हंगामा किया। तोरवा पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की। वायरल वीडियो में दिख रही एक किन्नर ने सफाई दी है कि यह वीडियो पुराना है और हालिया विवाद के बाद उसे बदनाम करने के लिए साजिश के तहत फिर से वायरल किया जा रहा है।


