May 17, 2024

विश्व दृष्टि दिवस : त्राटक के अभ्यास से एकाग्रता एवं दृष्टि शक्ति बढ़ती है – योग गुरु महेश अग्रवाल

भोपाल. आदर्श योग आध्यात्मिक केंद्र  स्वर्ण जयंती पार्क कोलार रोड़ भोपाल के संचालक योग गुरु महेश अग्रवाल कई वर्षो से निःशुल्क योग प्रशिक्षण के द्वारा लोगों को स्वस्थ जीवन जीने की कला सीखा रहें है,  वर्तमान में भी ऑनलाइन एवं प्रत्यक्ष माध्यम से यह क्रम अनवरत चल रहा है। योग प्रशिक्षण के दौरान केंद्र पर आने वाले साधकों को एकाग्रता के अभ्यास के बारे में एवं आँखों दृष्टि की शक्ति कैसे बढ़ाई जा सकती है उसके बारे में बताया जाता है। विश्व दृष्टि दिवस प्रतिवर्ष  अक्टूबर महीने के दूसरे गुरुवार को मनाया जाता है। यह दिवस धुंधली दृष्टि (खराब दृष्टि); अंधापन के साथ-साथ दृष्टि संबंधित समस्याओं के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए मनाया जाता है। इस दिवस का केंद्रीय बिंदु अंधेपन की रोकथाम के बारे में लोगों को शिक्षित करना है इस वर्ष की थीम है अपनी आँखों से प्यार करें ।
योग गुरु अग्रवाल ने आँखों के अच्छे स्वास्थ्य को कैसे बनाए रखा जा सकता हैं के बारे में बताया अच्छी दृष्टि के लिए स्वस्थ आहार का सेवन करें। संतुलित आहार का सेवन करें। अपने आहार में हरी पत्तेदार  सब्जियों,  अंडे, फलियों एवं गाजर को अधिक से अधिक मात्रा में शामिल करें। धूम्रपान छोड़ें: धूम्रपान, मोतियाबिंद, ऑप्टिक एवं तंत्रिका क्षति के साथ-साथ दृष्टि से संबंधित कई तरह की समस्याओं को पैदा कर सकता है। सूर्य की रोशनी के प्रत्यक्ष प्रभाव को रोकने के लिए यूवी संरक्षित धूप का चश्मा पहनें, जो कि आपकी आंखों की सुरक्षा के लिए बेहतर है। सुरक्षा चश्मा पहनें। यदि आप कार्यस्थल पर ख़तरनाक पदार्थों से काम करते हैं, तो आपको अपनी आंखों की रक्षा करने के लिए सुरक्षा चश्मा अवश्य पहनना चाहिए। यदि आप लंबी अवधि तक कंप्यूटर पर काम करते हैं, तो यह सुनिश्चित करें, कि आप अक्सर बीच-बीच में उठेंगे, आँखों का सूखापन कम करने के लिए आँखों को अधिक से अधिक बार झपकें। टेलीविजन देखते या कंप्यूटर पर काम करते हुए एंटी ग्लेयर चश्मा पहनने की सलाह दी जाती है। मंद प्रकाश में न पढ़े। यह आँखों को होने वाली परेशानियों के प्रमुख कारणों में से एक है।आँखों के बेहतर स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए अपनी आँखों की नियमित जांच कराएं। खिड़कियों एवं लाइट द्वारा कंप्यूटर पर पड़ने वाली चकाचौंध से बचने की कोशिश करें। यदि आवश्यक हों, तो एंटी ग्लेयर स्क्रीन का उपयोग करें। यदि आप कॉन्टेक्ट लेंस पहनते हैं, तो उन्हें लंबी अवधि तक पहनने से बचें, कॉन्टेक्ट लेंस पहनते हुए तैराकी एवं सोने से बचें। अपनी आँखों को आराम देने के लिए हर बीस मिनट में बीस फीट की दूरी पर बीस सेकंड के लिए देखें ।
योग गुरु अग्रवाल ने  योग अभ्यास के बारे में बताया कि पामिंग (आँखों पर हथेलियाँ रखना), अगल-बगल देखना, सामने और बगल में देखना, आँखों को गोलाकार घुमाना, ऊपर-नीचे देखना पास और दूर देखना और सबसे महत्वपूर्ण अभ्यास है त्राटक।
त्राटक का अर्थ होता है, लगातार टकटकी लगाकर देखना। त्राटक के अभ्यास से एकाग्रता बढ़ती है। मन बहुत शक्तिशाली है, लेकिन इच्छाओं और ऊर्जा को नष्ट करने वाले खेल-तमाशों आदि के माध्यम से मन की यह शक्ति चारों ओर बिखर गई है। यदि हम इस बिखरी हुई मानसिक शक्ति को आध्यात्मिक या भौतिक किसी भी एक उद्देश्य की पूर्ति के लिये उपयोग में लायें तो हमें निश्चित रूप से सफलता मिलेगी। हम निरन्तर ज्ञानेन्द्रियों से प्राप्त सूचनाओं के विस्फोट की चपेट में रहते हैं। अनगिनत विचार हमारे मन से होकर गुजरते रहते हैं और उनके प्रति हम अनभिज्ञ ही रहते हैं। अपनी मानसिक क्रियाशीलता के प्रति हम तभी जागरूक होते हैं। जब हम विश्रांत होकर कुछ हद तक इन्द्रियों के प्रति अपनी जागरूकता या उन्मुखता को कम कर देते हैं। आंतरिक या बाह्य किसी एक वस्तु पर एकाग्र होने के लिए मन को नियंत्रण में रखना होगा ताकि वह विभ्रान्त न हो सके। इसका एक उपाय यह है कि एकाग्रता के लिए किसी ऐसी चीज का चुनाव कर लें जो मन को शान्ति दे और उसे स्थिर बनाये। इस उद्देश्य से ‘ॐ’ मंत्र, फूल, गुरु का चित्र, कोई देवी-देवता या मोमबत्ती की लौ में से कुछ भी चुना जा सकता है। त्राटक का अभ्यास प्रारम्भ करने के लिए मोमबत्ती की लौ सर्वाधिक आसान और व्यावहारिक है।त्राटक की दो अवस्थायें हैं, बाह्य त्राटक और अन्तर्त्राटक। बाह्य त्राटक में मन को बाह्य पदार्थ पर एकाग्र किया जाता है। अप्रशिक्षित मन के लिये यही आसान है, क्योंकि मन बाह्य पदार्थों से जुड़ा रहना अधिक पसन्द करता है। आंतरिक प्रतीक या बिन्दु पर ध्यानस्थ होते हैं तब मन तुरन्त ऊब कर विचलित होने लगता है। अन्तर्त्राटक में मन को अन्तर्मुख होने का प्रशिक्षण दिया जाता है। इन्द्रियों के माध्यम से कार्य करते रहने पर मन की शक्ति व्यय होती है। लेकिन जब इन्द्रियों से हटाकर आंतरिक वस्तु पर उसे केन्द्रित किया जाय तब उसे शक्ति प्राप्त होती है।
त्राटक के अभ्यास से अनेक लाभदायक प्रभाव होते हैं। त्राटक का नियमित अभ्यास ध्यान और स्मरण शक्ति बढ़ाने में मदद करता है। यह आँखों की मांसपेशियों को सुदृढ़ बनाकर दृष्टि शक्ति बढ़ाता है। त्राटक से आंतरिक ऊर्जा का भंडार खुल जाता है। भारत में रहस्यमयी गुप्त शक्तियाँ प्राप्त करने के लिये त्राटक सबसे महत्त्वपूर्ण अभ्यास माना जाता है।
त्राटक से एकाग्रता बढ़ती है, क्योंकि इससे चेतन ऊर्जा को एक बिन्दु, ध्यान के केन्द्र बिन्दु की ओर उन्मुख किया जाता है। यह अभ्यास स्वतः ध्यान की ओर ले जाता है। प्रारम्भिक अभ्यासियों को भी कम समय में ही इस प्रकार के अनुभव होने लगते हैं। त्राटक का अभ्यास अधिकतम स्थिर आसन में करना चाहिये। यद्यपि कुर्सी पर बैठकर या सुखासन में भी यह अभ्यास किया जा सकता परन्तु अधिकाधिक स्थिर होकर सिद्धासन, सिद्धयोनि आसन या है पद्मासन में ही इसका अभ्यास करना श्रेयस्कर है।
त्राटक बाह्य हो या आंतरिक, इसका अभ्यास करते समय पलकों को झपकाना नहीं चाहिए। दृष्टि भी बिल्कुल स्थिर रहनी चाहिए। प्रारम्भ में यह भले ही कठिन प्रतीत हो, पर अभ्यास के साथ बहुत सरल हो जाता है। इसमें महत्त्वपूर्ण बात है कि आँखों को तनावरहित रहना चाहिये। आंतरिक बिम्बों को देखने के लिये यह आवश्यक है। मन को सिर्फ वस्तु या बिम्ब पर ही टिकाये रखना है। यदि मन अन्य बातें सोचता हो तो धीरे से उसे खींच कर एकाग्रता की वस्तु पर ले आना चाहिये।
एकाग्रता की वस्तुएँ – कोई भी वस्तु एकाग्रता के लिये उपयोग में लाई जा सकती है। निम्नांकित चीजों का उल्लेख सझाव के तौर पर किया जा रहा है – मोमबत्ती की लौ, काला बिन्दु, स्फटिक, नासिकाग्र, भ्रूमध्य बिन्दु, शिवलिंग, आकाश, जल, चाँद, तारा, अपनी ही छाया, अन्धकार, शून्य, आईना, यन्त्र या मण्डल। इष्टदेवता या आपका अतीन्द्रिक प्रतीक। उसमें से त्राटक के लिए मोमबत्ती का  उपयोग  कई कारणों से उपयोगी मानते हैं। यह विशेष रूप से प्रभावकारी होती है, क्योंकि यह आँखों और मन के लिए चुम्बक का काम करती है। इसमें चमक होती है, अतः अन्तर्त्राटक का अभ्यास करते समय आँखें बन्द करने के बाद इसका बिम्ब बहुत स्पष्ट दिखाई पड़ता है। पहले बाह्य त्राटक किया जाता है, इसके बाद अंतर्नाटक। बाह्य त्राटक का अभ्यास करते समय खुली आँखों से जो लौ दिखाई पड़ती है, उसी के बिम्ब का अन्तर्त्राटक में उपयोग किया जाता है। त्राटक में एकाग्रता के लिए आप जो भी चीज चुने यथा मोमबत्ती, उसे आँखों की सीध में एक हाथ की दूरी पर रखिए। अगर दृष्टिदोष हो तो मोमबत्ती को ऐसी जगह पर रखिये कि वहाँ दो न दिखाई पड़ें। अभ्यास करते समय आँखें बन्द करने के बाद बिम्ब इधर-उधर, ऊपर-नीचे भागेगा, इसे किसी एक स्थान पर या अधिकांशतः भ्रूमध्य बिन्दु पर केन्द्रित करने का प्रयास करें।
नेत्रदान करें आँखों के स्वास्थ्य को बनाए रखना केवल एक व्यक्ति का ही कर्तव्य नहीं है, बल्कि यह समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। नेत्रदान द्वारा बड़ी संख्या में लोगों को लाभान्वित किया जा सकता हैं। “किसी को बेहतर दृष्टि देने के लिए आज ही अपनी आँखें दान करने की शपथ लें”।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post निर्माणाधीन 33/11 केव्ही उपकेन्द्र रिस्दा पहुंचे कार्यपालक निदेशक, निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
Next post भूपेश सरकार ने पारंपरिक खेलो को बढ़ावा देने का बेहतर अवसर दिया : अरविंद शुक्ला
error: Content is protected !!