गैंगरेप मामले में चारों दोषियों को 20-20 साल की सजा

 

जांजगीर-चांपा। जिले में एक वर्ष पूर्व हुए सामूहिक दुष्कर्म के चर्चित मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए सभी चार आरोपियों को दोषी करार दिया है। न्यायालय ने प्रत्येक आरोपी को 20-20 वर्ष के सश्रम कारावास तथा 50-50 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। इस पूरे प्रकरण में निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता की उत्कृष्ट विवेचना और पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई निर्णायक साबित हुई, जिससे पीड़िता को न्याय मिल सका। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 18 मई 2025 को थाना चांपा क्षेत्र में एक युवती के साथ चार आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। घटना उस समय हुई जब पीड़िता अपने पिता के साथ घर पर थी। आरोपी पूर्व परिचित थे और घटना वाले दिन घर पर भोजन करने के बाद, पिता के सो जाने पर युवती को जबरन दूसरे कमरे में ले जाकर बारी-बारी से दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गए। पीड़िता की मां की सूचना पर थाना चाम्पा में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना के बाद सभी आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए रायगढ़-कोरबा मार्ग पर घेराबंदी की और कोरबा जिले के करतला क्षेत्र के घने जंगलों से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मनोज कुमार पटेल, नरेंद्र कुमार पटेल, रामकुमार पटेल (सभी निवासी कोरबा) तथा धरम चौहान निवासी नागरदा जिला सक्ती शामिल हैं।
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का फोरेंसिक निरीक्षण कराया, आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा साइबर सेल की मदद से मोबाइल टावर लोकेशन एकत्रित किया, जिससे आरोपियों की घटना के समय मौजूदगी की पुष्टि हुई। सभी ठोस साक्ष्यों के आधार पर चार्जशीट न्यायालय में प्रस्तुत की गई, जहां फास्ट ट्रैक कोर्ट ने त्वरित सुनवाई करते हुए आरोपियों को दोषी ठहराया।
इस मामले में जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (भापुसे) के निर्देश पर सख्त कार्रवाई की गई। कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता (तत्कालीन थाना प्रभारी चाम्पा), एएसआई अरुण कुमार सिंह, एएसआई मुकेश कुमार पांडेय, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र कुमार टंडन सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और न्यायालय के सख्त फैसले से पीड़िता व उसके परिजनों के साथ-साथ आमजनों में भी पुलिस और न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!