हाथियों के दल ने तोड़ी छात्रावास की दीवार

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही वनमंडल में चार हाथियों के एक दल ने छात्रावास परिसर की बाउंड्रीवाल को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
वीडियो में दीवार टूटने के बाद कॉलम में लोहे के सरिए नहीं दिखाई देने का दावा किया जा रहा है, जिसके चलते लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर टिप्पणी की है। वायरल वीडियो में हाथियों का दल छात्रावास परिसर की बाउंड्रीवाल को तोड़ता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर प्रतिक्रिया दी। कुछ लोगों ने दावा किया कि दीवार के कॉलम में पर्याप्त सरिए और छड़ का उपयोग नहीं किया गया था। हालांकि, इस संबंध में किसी सक्षम तकनीकी एजेंसी या विभागीय जांच की आधिकारिक रिपोर्ट अभी सामने नहीं आई है। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने व्यंग्यात्मक टिप्पणी करते हुए लिखा कि गजराज सरकारी निर्माण कार्यों की पोल खोलकर आगे बढ़ गए। वहीं कुछ लोगों ने पिछले वर्षों में हुए सरकारी निर्माण कार्यों की उच्चस्तरीय जांच की मांग भी उठाई है।
गांवों की ओर बढ़ सकता है दल
वन अधिकारियों ने आशंका जताई है कि हाथियों का दल आने वाले दिनों में नाका, घुसरिया, मरवाही, सचराटोला और सेमरदर्री क्षेत्र की ओर बढ़ सकता है। इसी को देखते हुए वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।

