पत्रकारों ने रक्तदान कर दिया मानवता का संदेश

 

 

 

विश्व रक्तदाता दिवस पर बिलासपुर प्रेस क्लब में रक्तदान शिविर आयोजित

बिलासपुर। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर बिलासपुर प्रेस क्लब में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पत्रकारों, उनके परिजनों, प्रशासनिक अधिकारियों, कलाकारों एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया। इस अवसर पर चंदन केसरी न्यूज के संपादक श्री प्रशांत सिंह ने रक्त दान कर पुनित काम में हिस्सा लिया।

उन्होंने कहा कि रक्त दान जीवन दान के समान है, इसके लिए समाज के सभी लोगों को आगे आने की जरूरत है। आज के भागदौड़ भरे जीवन में किसी के पास एक मिनट का भी समय नहीं है, तो दूसरी ओर बीमार या फिर जरूरतमंद रक्त की कमी से जूझ रहे है, बिलासपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित इस शिविर में मैं रक्त दान कर अपना फर्ज निभा रहा हूं।

प्रेस क्लब के सचिव संदीप करिहार ने कहा कि विश्व रक्तदाता दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज की हर गतिविधि को लोगों तक पहुंचाने का कार्य करते हैं, लेकिन सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में प्रत्यक्ष भागीदारी भी उतनी ही आवश्यक है। रक्तदान शिविर इसी सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि रक्त की आवश्यकता कभी भी किसी को पड़ सकती है और ऐसे समय में स्वैच्छिक रक्तदाता ही सबसे बड़ी उम्मीद बनते हैं। प्रेस क्लब भविष्य में भी जनहित और समाज सेवा से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।

प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा महादान है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके। इस अवसर पर गनियारी के नायब तहसीलदार ओम प्रकाश चंद्रवंशी ने रक्तदान के बाद कहा कि मैं अब तक छठवी बार रक्तदान कर चूका हूँ! रक्तदान एक ऐसा दान है जो किसी व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम बनता है। उन्होंने लोगों से स्वस्थ रहने पर नियमित रक्तदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। अभिनेता अखिलेश पांडेय, समाजसेवी बिंदु कछवाहा सहित शहर के कई गणमान्य नागरिकों ने भी रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया। इसके अलावा अन्य जागरूक रक्तदाताओं ने मानव सेवा और जीवनदान का संदेश दिया।

रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करने के लिए उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। शिविर को सफल बनाने में प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रक्तदान शिविर के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है और किसी जरूरतमंद के लिए किया गया रक्तदान अमूल्य जीवनदान साबित हो सकता है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!