पॉलीथिन जब्त की तो दुकान संचालक ने स्वच्छता टीम को जान से मारने दी धमकी
महिला पार्षद के देवर के खिलाफ पुलिस में शिकायत
बिलासपुर। प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक (पॉलीथिन) जब्त करने पहुंची नगर निगम की स्वच्छता टीम के साथ पार्षद के देवर ने मोबाइल पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और धमकी दी है। पीडि़त कर्मचारियों ने सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
स्वच्छता पेट्रोलिंग टीम के निरीक्षक पवन भैयालाल चौहान ने बताया कि नगर निगम की स्वच्छता टीम शहर में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक (पॉलीथिन) के खिलाफ अभियान चला रही है। बीते शुक्रवार को टीम सिरगिट्टी क्षेत्र में दुकानों की जांच करने पहुंची थी। दोपहर करीब 12.50 बजे स्वच्छता पेट्रोलिंग टीम यदुनंदन नगर, तिफरा स्थित अपना मार्ट के पास एक डेयरी दुकान की जांच के लिए पहुंची। जांच के दौरान दुकान से करीब 5 किलो प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक (पॉलीथिन) बरामद हुई, जिसके बाद नगर निगम की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई शुरू की।
जुर्माना नहीं देने पर हुआ विवाद
जांच के दौरान दुकान पर स्वच्छता एसआई पवन चौहान की दुकानदार ने वार्ड क्रमांक-6 की पार्षद सीमा संजय सिंह के देवर मुन्ना सिंह से फोन पर बात कराई। आरोप है कि बातचीत के दौरान मुन्ना सिंह भडक़ गए और जुर्माना नहीं देने की बात कहते हुए निगम कर्मचारी के साथ गाली-गलौज की। साथ ही कार्रवाई करने पर धमकी भी दी।


