राहुल गांधी की गिरफ्तारी और छात्र दमन के विरोध में तिफरा में कांग्रेस का हल्लाबोल

 

बिलासपुर। भाजपा सरकार की शिक्षा व्यवस्था, नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और छात्रों के साथ किए जा रहे दमन के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार को तिफरा में एक दिवसीय विरोध प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा के नेतृत्व में सब्जी मंडी तिफरा चौक स्थित एचडीएफसी बैंक के पास आयोजित प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और छात्रों व युवाओं के अधिकारों की आवाज बुलंद की।
पूर्व मंडी अध्यक्ष राजेंद्र शुक्ला ने कहा कि सरकार देश के भविष्य यानी छात्रों के साथ अन्याय कर रही है। नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा को लेकर लाखों छात्र और उनके अभिभावक चिंतित हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय आवाज उठाने वालों को दबाने का प्रयास कर रही है। राहुल गांधी छात्रों और युवाओं के हक में आवाज उठाने पहुंचे, लेकिन उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। छात्रों पर लाठीचार्ज करना लोकतंत्र के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस छात्रों और युवाओं की आवाज को दबने नहीं देगी और उनके अधिकारों की लड़ाई लगातार जारी रखेगी। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू ने कहा कि शिक्षा और छात्रों का भविष्य किसी भी सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। नीट परीक्षा को लेकर देशभर के छात्र और उनके अभिभावक चिंतित हैं, लेकिन केंद्र सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय आंदोलन कर रहे छात्रों की आवाज दबाने का काम कर रही है।
लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना हर नागरिक का अधिकार है। छात्रों पर लाठीचार्ज और विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारी लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। कांग्रेस छात्र और युवा विरोधी नीतियों के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखेगी। वरिष्ठ कांग्रेस नेता अमित यादव ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार छात्रों और युवाओं की आवाज से डर गई है। जब राहुल गांधी छात्रों और युवाओं के अधिकारों के लिए आवाज उठाते हैं तो उन्हें गिरफ्तार किया जाता है और जब छात्र अपने भविष्य को लेकर सवाल करते हैं तो उनके साथ दमनात्मक कार्रवाई की जाती है। सरकार को दमन की राजनीति छोडक़र छात्रों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। कांग्रेस लोकतंत्र और छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *