नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी और धमकी, आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामा-मामी गिरफ्तार

 

रेलवे कैंटीन में नौकरी लगाने का झांसा देकर लिए थे रुपये, पैसे मांगने पर झूठे केस में फंसाने की दी थी धमकी

बिलासपुर। मस्तुरी पुलिस ने युवक को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के मामले में उसके मामा और मामी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, रेलवे कैंटीन में नौकरी दिलाने का झांसा देकर रुपये लेने और बाद में पैसे वापस मांगने पर झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देने से परेशान होकर युवक ने आत्महत्या कर ली थी।
पुलिस के मुताबिक, थाना मस्तुरी में मर्ग जांच के दौरान मृतक राहुल साहू (22) निवासी हिरी के परिजनों के बयान लिए गए। जांच में सामने आया कि राहुल के माता-पिता ने रिश्तेदारी का भरोसा कर उसके मामा इन्द्र कुमार वैष्णव उर्फ भवानी और मामी अंबिका वैष्णव को शासकीय रेलवे कैंटीन में नौकरी लगवाने के नाम पर रुपये दिए थे।
जब राहुल की नौकरी नहीं लगी तो वह कई बार अपनी रकम वापस मांगने गया। 9 मार्च 2026 को भी वह पैसों की जरूरत बताकर रुपये मांगने पहुंचा था। आरोप है कि इस दौरान उसकी मामी अंबिका वैष्णव ने उसे धमकी दी कि यदि बार-बार पैसे मांगने आया तो रुपये नहीं मिलेंगे और उसे झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसा दिया जाएगा। इस धमकी से राहुल मानसिक रूप से बेहद परेशान और भयभीत हो गया। उसने घर लौटकर पूरी घटना अपने पिता को बताई थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अप्रैल 2025 से दोनों आरोपित राहुल को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। इसी प्रताड़ना और सामाजिक बदनामी के डर से राहुल ने 9 मार्च 2026 को आत्महत्या कर ली।
मामले में मस्तुरी पुलिस ने धारा 108 एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पूछताछ के बाद आरोपी इन्द्र कुमार वैष्णव उर्फ भवानी (44) और उसकी पत्नी अंबिका वैष्णव (35), निवासी लिमतरा पहरी पारा, मस्तुरी को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *