प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक सोशल मीडिया में पोस्ट, मेटा इंडिया प्रमुख समेत कई फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज

 

हैदराबाद.  साइबर क्राइम पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर मॉर्फ्ड और आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट साझा किए जाने के मामले में मेटा इंडिया प्रमुख समेत कई फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

यह कार्रवाई कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में चल रहे NEET पेपर लीक आंदोलन के दौरान सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री को लेकर की गई है।

शिकायत में फेसबुक और इंस्टाग्राम की 20 पोस्ट एवं रील के यूआरएल पुलिस को सौंपे गए। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इन पोस्ट के जरिए नफरत फैलाने, भ्रामक जानकारी प्रसारित करने और सामाजिक वैमनस्य बढ़ाने की कोशिश की गई। उन्होंने पुलिस से इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य सुरक्षित रखने, संबंधित अकाउंट संचालकों की पहचान करने तथा मेटा प्लेटफॉर्म्स से अकाउंट संबंधी जानकारी हासिल करने की मांग की। साथ ही मेटा के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की गई।

शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के एएसआई के. हरिराम ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(सी) और 67 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353(2) और 336(4) के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने मामले की जांच इंस्पेक्टर पी. जयशंकर को सौंपी है। जांच एजेंसियां अब संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट, पोस्ट की प्रकृति और उनकी उत्पत्ति की पड़ताल कर रही हैं।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *