65 साल के वृद्ध ने 35 वर्षीय महिला और उसकी 10 माह की बच्ची को उतार दिया मौत के घाट

 

रायगढ । लैलूंगा के ग्राम छापरपानी में 21 दिन पहले हुए मां-बेटी के सनसनीखेज हत्याकांड का आखिरकार पर्दाफाश हो गया। सुनसान खेत में बने बोर मकान में 35 वर्षीय महिला और उसकी महज 10 माह की मासूम बच्ची की हत्या कर फरार हुआ आरोपी पुलिस की नजरों से ज्यादा दिन नहीं बच सका। 65 वर्षीय भिखारीराम नागवंशी, निवासी ग्राम कोड़ासिया, को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।इस जघन्य वारदात की जांच में सबसे अहम कड़ी बनी आरोपी के हाथ पर लगी चोट और घटनास्थल से मिले भौतिक साक्ष्य। पुलिस की लगातार पूछताछ और वैज्ञानिक जांच के घेरे में आए आरोपी ने आखिरकार अपना मुंह खोल दिया। उसके कबूलनामे ने पुलिस को भी चौंका दिया।
पुलिस के मुताबिक,15 जुलाई की रात आरोपी ग्राम छापरपानी में प्रहलाद बेहरा के खेत स्थित बोर मकान में पहुंचा। वहां 35 वर्षीय महिला अपनी 10 माह की बच्ची के साथ सो रही थी। आरोपी ने महिला के साथ जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने मकान में रखी ईंट से उसके सिर और चेहरे पर कई वार कर दिए।

गंभीर रूप से घायल होकर महिला बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान बच्ची के रोने पर आरोपी ने उसकी भी हत्या कर दी। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया। घटना में गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन उसकी भी मौत हो गई। इस तरह एक ही रात में मां और उसकी 10 माह की मासूम बच्ची की जिंदगी खत्म हो गई।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *