चलती बस में महिला के गले से सोने की चेन झपटी, 9 गिरफ्तार
रतनपुर पुलिस ने 7 महिलाओं समेत 9 आरोपियों को पकड़ा, सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान; 8 हजार रुपए बरामद
बिलासपुर/रतनपुर। चलती बस में महिला के गले से सोने की चेन झपटने के मामले में रतनपुर पुलिस ने सात महिलाओं सहित नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 हजार रुपए बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने संगठित तरीके से बस में यात्रियों को निशाना बनाकर झपटमारी करना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध की धारा के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार बांकीमोंगरा निवासी भगवान राम प्रधान ने 11 अगस्त को रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 2 अगस्त को वह अपनी पत्नी गीता प्रधान के साथ बिलासपुर गए थे। वापसी में दोनों नेहरू चौक बिलासपुर से बस में सवार होकर बांकीमोंगरा जा रहे थे। गीता प्रधान के गले में सोने की चेन थी। महामाया चौक के पास कुछ महिलाएं भी बस में सवार हुईं। भीड़ होने के कारण दंपती को सीट नहीं मिली और वे खड़े होकर सफर कर रहे थे।
शनिचरी चौक रतनपुर के पास महिलाओं ने धक्का-मुक्की करते हुए गीता प्रधान को घेर लिया। महिलाएं बस से उतर गईं। कुछ देर बाद बस खाली होने पर जब गीता प्रधान सीट पर बैठीं तो उन्होंने गले में पहनी सोने की चेन गायब पाई। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर शनिचरी चौक रतनपुर और महामाया चौक बिलासपुर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान कोनकोना, थाना बांगो क्षेत्र की रहने वाली के रूप में हुई। इसके बाद रतनपुर पुलिस टीम ने कोनकोना में घेराबंदी कर सात महिलाओं और दो पुरुषों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सभी एक राय होकर बस में सवार महिला के गले से चेन झपटने की नीयत से धक्का-मुक्की कर रहे थे। मौका मिलते ही चेन चोरी कर ली गई। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने चेन को 20 हजार रुपए में अपने ग्रुप की एक अन्य महिला सुरतनी गिरी निवासी रामनगर, थाना कुसमी को देना बताया। इसमें से 12 हजार रुपए खर्च किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
पहले भी जेल जा चुके हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ पूर्व में भी उठाईगिरी और झपटमारी के मामलों में जेल जा चुके हैं। गिरफ्तार आरोपियों में अंजली गिरी, लोहारिन बाई, सुनीता गिरी, रामबाई, प्रिती गिरी, शिवानी गिरी, देवी गिरी, नरेश गिरी और राम गिरी शामिल हैं। सभी कोनकोना ठिहईभाठा, थाना बांगो, जिला कोरबा के निवासी बताए गए हैं। मामले में फरार आरोपी की तलाश जारी है।


