September 4, 2026
नेपाल में 10 दिन बाद हाइड्रोपावर सुरंग से जिंदा निकले दो मजदूर
नेपाल . 26 अगस्त को आई भीषण बाढ़ के 10 दिन बाद त्रिशूली-3ए जलविद्युत परियोजना की सुरंग से दो मजदूरों को जीवित बाहर निकाल लिया गया। दोनों की पहचान 45 वर्षीय कबीर महर्जन और 30 वर्षीय संजय साह के रूप में हुई है।
नेपाल सेना के जनसंपर्क निदेशालय के अनुसार महर्जन परियोजना में मैकेनिकल सुपरवाइजर और साह फोरमैन के तौर पर काम कर रहे थे। नेपाल सेना के नेतृत्व में सुरक्षा बलों की टीम विशेष उपकरणों की मदद से सुरंग में फंसे लोगों की तलाश और बचाव में जुटी थी। बचाव दल को पहले सुरंग के भीतर से लोगों की आवाज सुनाई दी थी। इसके बाद सुरंग में फंसे लोगों से संपर्क स्थापित किया गया। काठमांडू पोस्ट के अनुसार, आवाज सुनाई देने के बाद नेपाली सेना और सशस्त्र पुलिस बल ने दोनों तक पहुंचने के प्रयास तेज कर दिए थे।


