राष्ट्र गौरव प्रतिमाओं के सम्मान से जुड़ी घटना पर त्वरित कार्रवाई, अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज
बिलासपुर. शहर में राष्ट्र गौरव प्रतिमाओं के सम्मान से जुड़ी एक घटना को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरजेश स्कूल के समीप स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ आपत्तिजनक छेड़छाड़ की सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस ने तत्काल मौके का संज्ञान लिया। शिकायतकर्ता के आवेदन पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 1215/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 298 एवं 299 में मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई है।कलेक्टर श्री अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रपुरुषों और महापुरुषों की प्रतिमाओं के सम्मान से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस एवं संबंधित अधिकारियों को मामले की गंभीरता से जांच कर दोषी व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस द्वारा आसपास स्थापित सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का सूक्ष्म परीक्षण किया जा रहा है। जांच के दौरान शहर की अन्य प्रतिमाओं के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का भी अवलोकन किया गया, जिसमें एक मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत होने वाली महिला द्वारा इस प्रकार की गतिविधि किए जाने के संकेत मिले हैं। संबंधित महिला की पहचान एवं तलाश की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल प्रशासन अथवा पुलिस को दें। उन्होंने आश्वस्त किया है कि मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


