ढह गई बहुमंजिला इमारत…छह की मौत, 11 लोगों को मलबे से निकाला

 

नयी दिल्ली.  दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को ढही बहुमंजिला इमारत के हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। मलबे से अब तक 11 लोगों को निकाला गया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिणी परिसर के पास स्थित इस इमारत का इस्तेमाल लड़कों के पीजी (पेइंग गेस्ट) आवास के रूप में किया जा रहा था। इमारत में मरम्मत का काम चल रहा था, तभी रविवार अपराह्न करीब डेढ़ बजे यह ढह गई।

दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के पास सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत गिरने की घटना ने छात्रों के लिए उपलब्ध निजी पीजी (पेइंग गेस्ट) आवास की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सीमित हॉस्टल सुविधाओं और बढ़ते किराये के बीच बड़ी संख्या में छात्र निजी पीजी पर निर्भर हैं। छात्रों के अनुसार, कई जगह भवनों की सुरक्षा और रखरखाव पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता।

डीयू की पूर्व छात्रा सिमरन पहले सत्य निकेतन में रहती थीं। उन्होंने बताया कि एक्स पर हादसे का वीडियो देखते समय कुछ देर तक उन्हें समझ नहीं आया कि वीडियो में दिख रही इमारत कौन-सी है। बाद में उन्हें पता चला कि हादसा उनके पुराने पीजी के पास हुआ है। उनका पीजी ढही इमारत से महज दो इमारतों की दूरी पर था। हादसे के दृश्य देखकर वह घबरा गईं और वहां रहने वाले छात्रों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हो गईं।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *