युवा रत्न सम्मान : 30 अक्टूबर तक जमा होंगे आवेदन
बिलासपुर. खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा युवाओं और स्वैच्छिक संगठनों के उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से “युवा रत्न सम्मान” वर्ष 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। सम्मान के लिए 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं द्वारा सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, साहसिक, शैक्षणिक, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में किए गए उल्लेखनीय कार्यों को शामिल किया गया है। आवेदन जमा करने की तिथि 1 अक्टूबर 2026 से 30 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित है। योजना की विस्तृत जानकारी, आवेदन पत्र का प्रारूप एवं मार्गदर्शिका विभाग की वेबसाइट sportsyw.cg.gov.in से प्राप्त की जा सकती है।
योजना के तहत एक स्वैच्छिक संगठन तथा 14 विभिन्न क्षेत्रों में एक-एक उत्कृष्ट युवा का चयन किया जाएगा। चयनित स्वैच्छिक संगठन को पदक, शॉल, प्रशस्ति पत्र सहित 5 लाख रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। वहीं, असाधारण एवं विशिष्ट सेवा कार्य के लिए चयनित युवा को 2.50 लाख रुपए तथा अन्य 13 क्षेत्रों में चयनित युवाओं को प्रत्येक 1 लाख रुपए की पुरस्कार राशि के साथ पदक, शॉल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। आवेदन सहायक संचालक, खेल एवं युवा कल्याण, स्व. बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र, बहतराई, जिला-बिलासपुर के कार्यालय में जमा किए जा सकेंगे।


