तीन दिन बंद रहेंगे बैंक, राष्ट्रव्यापी हड़ताल का किया गया आह्वान
बिलासपुर. पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने समेत अन्य मांगों को लेकर बैंक कर्मचारी 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की हड़ताल पर रहेंगे। लगातार पांच दिन बैंकिंग कामकाज प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए रविवार को भी शाखाएं खोली गईं।
बैंकों में कर्मचारियों ने मौजूद रहकर ग्राहकों के जरूरी काम निपटाए। कर्मचारियों का कहना है कि उनका आंदोलन सरकार के खिलाफ है, ग्राहक सेवा को बाधित करना इसका उद्देय नहीं है।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर होने वाली हड़ताल से पहले रविवार को बैंक खोलने का फैसला ग्राहकों की परेशानी कम करने के लिए लिया गया। इस दौरान कैश और अन्य जरूरी बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
हड़ताल का असर मुख्य रूप से बैंक शाखाओं में होने वाले प्रत्यक्ष कामकाज पर पड़ सकता है। नकदी जमा-निकासी, चेक संबंधी काम, खाता संबंधी सेवाएं और अन्य शाखा आधारित कार्य प्रभावित होने की संभावना है।
बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना शामिल है। इसके अलावा यूनियनों ने पीएलआई योजना और पेंशन सहित अन्य सेवा संबंधी मुद्दे भी उठाए हैं। सरकार का कहना है कि पीएलआई से जुड़ी एक प्रमुख मांग पर पहले ही कदम उठाया जा चुका है और बाकी मुद्दों पर बातचीत जारी है।


