जनधन से आयुष्मान तक, योजनाओं ने बदली करोड़ों लोगों की जिंदगी: स्वास्थ्य मंत्री
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल बिलासपुर पहुंचे
बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने राजनीति को केवल सत्ता का माध्यम न बनाकर सेवा और परिवर्तन का माध्यम बनाने का प्रयास किया है। गरीब परिवारों को पक्का मकान, किसानों को आर्थिक सहायता, महिलाओं को सम्मान व सुविधाएं, युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में अनेक योजनाएं शुरू की गई हैं।
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की सोमवार को बिलासपुर में आयोजित प्रेसवार्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की योजनाओं की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने प्र्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियां सामने रखीं। प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, नलजल योजना, खाद्यान्न योजना और किसान सम्मान निधि सहित कई योजनाओं का उल्लेख किया। मंत्री ने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से आम लोगों को लाभ मिला है। घर-घर शौचालय, सडक़ निर्माण, रेलवे कनेक्टिविटी और हाइवे विस्तार का भी उल्लेख किया। दुर्गम व जनजातीय क्षेत्रों में विकास कार्यों और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास के साथ नक्सलवाद से निपटने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को भी उन्होंने सरकार की उपलब्धियों से जोड़ा। आयुष्मान भारत योजना के तहत 70 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के इलाज की व्यवस्था का भी उन्होंने उल्लेख किया।
ये योजनाएं लोगों तक पहुंची
उन्होंने प्रधानमंत्री जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, मुद्रा योजना, कौशल विकास, स्टार्टअप इंडिया और पीएम विश्वकर्मा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी सुविधाओं और सहायता को पहुंचाना है।
करोड़ो लोग बैंकिंग से जुडे
जायसवाल ने कहा कि जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया, जिससे सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों के खातों तक पहुंचने लगी। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से बड़ी संख्या में जरूरतमंद परिवारों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना ने गरीब परिवारों के पक्के घर के सपने को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।


