कोरबा के होटल में 15 कमरों में 40 लोगों के ठहरने पर हुआ जोरदार बवाल
धर्मांतरण की आशंका जताते हुए बजरंग दल ने किया हंगामा
कोरबा. ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक होटल में शनिवार शाम तनावपूर्ण माहौल बन गया। होटल में करीब 40 लोग ठहरे हुए थे, जिनमें ज्यादातर लाफा, पाली और कटघोरा क्षेत्र के सतनामी व गोंड समुदाय के परिवार शामिल थे। जॉन मसीह ने 15 कमरे बुक कराए थे।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को प्रार्थना सभा की सूचना मिली तो वे होटल पहुंच गए। उन्होंने कथित धर्मांतरण की आशंका जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान होटल परिसर में विवाद और हाथापाई हुई। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
बजरंग दल के जिला प्रमुख राणा मुखर्जी ने आरोप लगाया कि ईसाई मिशनरी प्रलोभन देकर धर्मांतरण की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने एसईसीएल मानिकपुर क्षेत्र में एक मकान को चर्च के रूप में इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया। पुलिस से शिकायत दर्ज कराई गई है। फिलहाल धर्मांतरण के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच कर रही है।


