जिला सहकारी बैंक बिल्हा शाखा में घोटाला, जांच की मांग

बिलासपुर.  जिला सहकारी बैंक, शाखा बिल्हा अंतर्गत गुमा सेवा सहकारी समिति में हुए लाखों रुपये के गंभीर वित्तीय घोटाले और चेकों में कूटरचना (फर्जीवाड़े) की जांच करने की मांग उठी है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू ने इस मामले में शामिल दोषियों को तत्काल पद से निलंबित करने, निष्पक्ष आपराधिक जांच कराने व साक्ष्यों से छेड़छाड़ रोकने हेतु सख्त कदम उठाने की मांग की है।
ब्लॉक अध्यक्ष ने बताया कि जिला सहकारी बैंक की बिल्हा शाखा अंतर्गत गुमा सेवा सहकारी समिति में शाखा प्रबंधक, सुपरवाइजर एवं तत्कालीन समिति प्रबंधक द्वारा परस्पर सांठगांठ कर सोसाइटियों के चेकों में काट-छांट व कूटरचना करके स्वीकृत राशि से अधिक राशि का अवैध आहरण किया गया है। इस धोखाधड़ी के जरिए शासन एवं निर्दोष किसानों की गाढ़ी कमाई के लाखों रुपये का चूना लगाया गया है। इस संबंध में गुमा सोसाइटी के अध्यक्ष राम कुमार बरगाहा द्वारा बिल्हा थाना में नामजद एफआईआर दर्ज कराई गई थी। परंतु अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि क्षेत्रीय बड़े नेताओं के राजनीतिक संरक्षण और प्रशासनिक दबाव के कारण अब तक पुलिस एवं प्रशासन द्वारा कोई ठोस दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई है। उल्टे आरोपी अग्रिम जमानत लेकर पुन: उन्हीं पदों पर विराजमान हैं, जिससे निष्पक्ष जांच पूरी तरह प्रभावित हो रही है और साक्ष्य व सबूत मिटाने का प्रयास किया जा रहा है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *