केंद्रीय जेल में बंद विचाराधीन बंदी की संदिग्ध मौत, 1 साल बाद अपराध दर्ज
पीएम रिपोर्ट में गंभीर चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई
आरोपी के खिलाफ १०४ बीएनएस के तहत अपराध दर्ज
18 मई 2025 की रात कन्हैया सोनी को सिम्स में कराया गया था भर्ती
बिलासपुर. केंद्रीय जेल में बंद विचाराधीन बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस मामले में न्यायिक जांच हुई। जांच में स्पष्ट हुआ कि मृतक के पेट के बाहरी हिस्सों पर गंभीर चोट पहुंचा गया। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के एक साल बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 104 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।
सिविल लाइन पुलिस ने बताया कि केन्द्रीय जेल बिलासपुर में विचाराधीन बंदी क्रमांक 3950/395 मल्हार चौकी थाना मस्तूरी के ग्राम बिनैक निवासी मृतक कन्हैया सोनी पिता नारायण सोनी (20) को धारा 296,115 (2), 351(2), 333,117 (2), एवं 3(6) के अपराध में न्यायालय के आदेश से जेल निरूद्ध किया गया था। 18 मई 2025 की रात में बंदी कन्हैया सोनी का स्वास्थ खराब होने पर सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मृतक की मर्ग जांच न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी बिलासपुर अंशुल मिंज द्वारा किया गया। न्यायिक जांच रिपोर्ट पर जांचकर्ता मजिस्ट्रेट के द्वारा अपने प्रतिवेदन में उल्लेख किया गया कि मृतक बंदी की मृत्यु का कारण पेट में आई बाहरी चोट व आंतरिक अंगों की पैथोलॉजी के कारण ब्रेन हेमरेज की जटिलता के कारण होना पाया गया। न्यायिक जांच प्रतिवेदन अनुसार धारा 104 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।
न्यायिक जांच के लिए किया निवेदन
इस संबंध में न्यायिक जांच के लिए न्यायिक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति करने के लिए निवेदन किया गया था। जिसके पश्चात् मृतक कन्हैया सोनी की मृत्यु के कारण की न्यायिक जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देशित किया गया है। कन्हैया सोनी को संविता सिंह ठाकुर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी बिलासपुर के विचाराधीन प्रकरण में 19 मार्च 2025 को न्यायिक अभिक्षा में निरूद्ध किया गया था तथा उक्त बंदी उक्त दिनांक से लगातार केन्द्रीय जेल बिलासपुर में परिरूद्ध था।
वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी कराया गया
सिम्स अस्पताल जाकर खण्ड चिकित्सा अधिकारी व मेडिकल ऑफिसर, सिम्स चौकी के पुलिस अधिकारी के साथ सिम्स चौकी का अवलोकन किया गया। मृतक कन्हैया सोनी को सिम्स के शवगृह में रखा गया था। पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश के बाद परिजनों और गवाहों की उपस्थिति में शव पंचनामा तैयार किया गया। मृतक कन्हैया सोनी के मृत्यु का सही कारण जानने के लिए शव परीक्षण कराया गया। शव पंचनामा एवं पोस्टमार्टम का वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी कराया गया।


