पीडीएस राशन दुकानों से शक्कर गायब, दिवाली में गरीबों की थाली से मिठास छीनने पर तुली है सरकार – कांग्रेस

रायपुर. पीडीएस राशन दुकानों में शक्कर की अनुपलब्धता को लेकर सवाल उठाते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि राशन दुकानों से शक्कर ही गायब नहीं हुए इस सरकार का इकबाल खत्म हो चुका, जनता का राशन भ्रष्टाचार की भेट चढ़ गया है, अधिकारी बेलगाम हो गए हैं, छत्तीसगढ़ की जनता त्रस्त है। जिस प्रदेश में गन्ने की भरपूर खेती हो रही है, सहकारी शक्कर कारखाने पर्याप्त उत्पादन कर रहे हैं, कभी मिठास की कमी नहीं होती थी, आज उस छत्तीसगढ़ की गरीब जनता को दिवाली के ठीक पहले राशन दुकानों से शक्कर के लिए तरसना पड़ रहा है। भाजपा सरकार के कुप्रबंधन और प्रशासनिक अकर्मण्यता के कारण पीडीएस का पूरा सिस्टम चरमरा गया है। आदिवासी क्षेत्रों में चान गुड़ और राशन की आपूर्ति पूरी तरह ठप है। कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि सरकार तत्काल हर राशन कार्डधारी को शक्कर और चान गुड़ की आपूर्ति सुनिश्चित करे, अन्यथा कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक इस गरीब-विरोधी सरकार के खिलाफ उग्र आंदोलन करेगी।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि भाजपा सरकार एक तरफ सबका साथ, सबका विकास और कथित सुशासन के अमृत काल के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं दूसरी तरफ दिवाली जैसे सबसे बड़े त्योहार के समय राशन दुकानों से शक्कर गायब है। यह सिर्फ प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि गरीब विरोधी मानसिकता का स्पष्ट प्रमाण है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन सामग्री का समय पर आवंटन और वितरण सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। त्योहारी सीजन में आपूर्ति का चरमराना यह दिखाता है कि न तो खाद्य विभाग में कोई समन्वय है और न ही मंत्रियों का कोई नियंत्रण। आदिवासी अंचलों में चान गुड़  जैसी जरूरी पारंपरिक खाद्य सामग्री की आपूर्ति ठप होना इन क्षेत्रों के प्रति सरकार की घोर उदासीनता को दर्शाता है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि छत्तीसगढ़ की गरीब जनता, विशेषकर ग्रामीण और आदिवासी परिवारों के लिए सार्वजनिक वितरण प्रणाली ही त्योहारों की रौनक का मुख्य आधार है। बाजार में महंगाई आसमान छू रही है, और राशन दुकान से शक्कर न मिलने से गरीब परिवार त्यौहार के दिन मीठा खाने से वंचित हो रहे हैं। डबल इंजन सरकार में बिचौलियों, जमाखोरों और काला बाजारी करने वालों को संरक्षण प्राप्त है, प्रदेश की जनता के हक़ का राशन दूसरे प्रदेश में बेचा जा रहा है, संगठित लुट का गिरोह सत्ता के संरक्षण में चल रहा है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि यह सरकार गरीबों के घर दीये जलाने के बजाय उनके अंधेरे का कारण बन रही है। खाद्य मंत्री और प्रशासन की नाकामी के कारण आज राशन दुकानों में ताले लटक रहे हैं या बिना शक्कर के कोटे के लोगों को लौटाया जा रहा है। क्या गरीबों के त्यौहार का बजट भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया?

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *