पुलिस थाना के पास कांग्रेस नेता की गोलीमार कर हत्या, मामले में सभी 22 आरोपी बरी
जिला एवं सत्र न्यायालय ने सुनाया फैसला
बिलासपुर। आज से चार साल पहले सकरी थाना के करीब पांच सौ मीटर दूरी पर दिनदहाड़े गाली मारकर कार सवार कांग्रेस नेता की हत्या की गई थी। इस मामले में सभी 22 आरोपियों को बरी कर दिया गया है। शुक्रवार को जिला एवं सत्र न्यायालय में फैसला सुनाया गया। बताया जा रहा है कि बिलासपुर पुलिस हत्या का षड्यंत्र साबित करने में नाकाम रही, जिसके चलते सभी आरोपी दोष मुक्त हो गए।
हिस्ट्रीशीटर और कांग्रेस नेता संजू त्रिपाठी और उसका भाई कपिल त्रिपाठी के बीच पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। 14 दिसंबर 2022 को सकरी थाना स्थित ओवरब्रिज के पास दिनदहाड़े गोली मारकर संजू त्रिपाठी की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने मृतक संजू के सगे भाई कपिल त्रिपाठी समेत 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा था। घटना के चार साल तक कोर्ट में प्रकरण की सुनाई हुई। शुक्रवार को जिला एवं सत्र न्यायालय ने फैसला सुनाते हुए प्रकरण के सभी 22 आरोपियों को बरी कर दिया है।
भाई कपिल पर हत्या की योजना बनाने का था आरोप
संजू त्रिपाठी और कपिल त्रिपाठी, दोनों भाइयों का नाम आपराधिक गतिविधियों में जुड़ा रहता था। दोनों शहर की विवादित जमीनों का सौदा कराते थे और इससे लाखों रुपए की कमाई करते थे। दोनों के बीच संपत्ति को लेकर विवाद था। कपिल त्रिपाठी पर हत्या की योजना बनाने का आरोप लगा था, जो कोर्ट में साबित नहीं हो पाया। सभी 22 लोगों को जेल से रिहा करने की प्रक्रिया की जाएगी।


