जिले के 1.34 लाख किसानों के खातों में अंतरित हुए 22.10 करोड़

 

कृषि विज्ञान केंद्र और कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम संपन्न

​बिलासपुर.  प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत बिलासपुर जिले के 1 लाख 34 हजार किसानों को बड़ी सौगात मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गुजरात के बनासकांठा में आयोजित विशाल राष्ट्रीय किसान सम्मेलन से योजना की 24वीं किस्त जारी की गई। इस राष्ट्रव्यापी वित्तीय हस्तांतरण के अंतर्गत बिलासपुर जिले के पंजीकृत किसानों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से 22 करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक की राशि सीधे अंतरित की गई।
​कृषि विज्ञान केंद्र और कृषि विभाग का संयुक्त आयोजन के
वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. गीत शर्मा तथा उप संचालक कृषि एम.आर. तिग्गा ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम कृषि विज्ञान केंद्र, बिलासपुर एवं राज्य कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, सरकंडा के सभागार में गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री के राष्ट्रीय संबोधन का सीधा प्रसारण देखा गया। इसके अलावा जिले के सभी विकासखंड कार्यालयों, पंचायत मुख्यालयों, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों, प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्रों और मंडियों में भी कार्यक्रम संपन्न हुए।
जिला स्तरीय इस भव्य आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में कृषि स्थायी समिति अध्यक्ष अनुसूया,सहकारिता समिति
सभापति जांगड़े कश्यप, अंबिका विनोद साहू, उप संचालक कृषि, एम.आर. तिग्गा, अधिष्ठाता, कृषि महाविद्यालय बिलासपुर डॉ. एन.के. चौरे, प्रमुख वैज्ञानिक, कृषि महाविद्यालय बिलासपुर डॉ. संजय वर्मा एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख, कृषि विज्ञान केंद्र बिलासपुर डॉ. गीत शर्मा मंच पर उपस्थित रहे। उप संचालक कृषि कार्यालय से सहायक संचालक कृषि कुमारी समिधा यादव तथा सहायक संचालक कृषि, बिलासपुर दिव्या गौतम भी विशेष रूप से सम्मिलित हुईं।इस वृहद आयोजन में कृषि विज्ञान केंद्र बिलासपुर के सभी वैज्ञानिक एवं कर्मचारी, राज्य कृषि विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी, कृषि महाविद्यालय बिलासपुर के छात्र-छात्राएं तथा जिले भर से पधारे बड़ी संख्या में प्रगतिशील कृषक भाई-बहन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावी मंच संचालन विषय वस्तु विशेषज्ञ, कृषि विज्ञान केंद्र बिलासपुर डॉ. शिल्पा कौशिक मोदी ने किया । कार्यक्रम के समापन पर वैज्ञानिक डॉ. एकता ताम्रकार ने सभी अतिथियों, वैज्ञानिकों एवं किसानो का धन्यवाद ज्ञापन व्यक्त किया गया।योजना के अंतर्गत पात्र किसान परिवारों को प्रति वर्ष 6 हजार रुपये की वित्तीय सहायता 2-2 हजार रुपये की तीन समान किस्तों में सीधे बैंक खातों में प्रदान की जाती है। अधिकारियों ने अवगत कराया कि लाभ की निरंतरता के लिए किसानों का भू-अभिलेख एग्रीस्टैक पोर्टल पर दर्ज होना, बैंक खाते का आधार से लिंक होना और ई-केवाईसी पूर्ण होना अनिवार्य है। किसान भाई पीएम-किसान पोर्टल के ‘नो योर स्टेटस’ विकल्प से अपने भुगतान की स्थिति जांच सकते हैं।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *