अनियंत्रित ट्रक ने खड़ी बस को मारी जोरदार टक्कर, 2 यात्रियों की मौत और 6 घायल
कोरबा/कटघोरा। तानाखार इलाके में रविवार तडक़े एक दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया। रायपुर से अंबिकापुर जा रही रॉयल ट्रेवल्स की एक बस को पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, बस चालक ने तानाखार में स्थित अनूप ढाबे के पास बस को सडक़ किनारे खड़ा किया था। इस दौरान कुछ यात्री और बस चालक नीचे उतरकर चाय-पानी तथा शौच आदि के लिए गए थे, जबकि कुछ यात्री बस के भीतर ही बैठे हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों और बस के हेल्पर अर्जुन राम के मुताबिक, रात करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच पीछे से आ रहे ट्रक चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिसके चलते उसने नियंत्रण खो दिया और सडक़ किनारे खड़ी बस के पिछले हिस्से को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
बिलासपुर के दो यात्रियों की गई जान
कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों में बिलासपुर निवासी 34 वर्षीय अनूप दुबे और एक अन्य यात्री शामिल हैं। दूसरे मृतक की पहचान और पते के संबंध में कागजी औपचारिकताएं व पुष्टि की जा रही है। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से भाग निकला, जिसकी तलाश की जा रही है।
घायलों का इलाज जारी, एक रायपुर रेफर
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा। सभी छह घायलों को तुरंत कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। इनमें से एक घायल यात्री की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया है, जबकि अन्य पांच घायलों का इलाज कटघोरा अस्पताल में जारी है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


