रायगढ़ एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव का भव्य स्वागत, कौशिक ने दी जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं

कौशिक बोले – भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय अस्मिता, स्वाभिमान और स्वतंत्रता संग्राम के अमर प्रतीक हैं

रायगढ़. भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर धरमजयगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने हेतु रायगढ़ स्थित ओ.पी. जिंदल एयरपोर्ट पहुंचने पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक  धरमलाल कौशिक ने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय  एवं प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव का अन्य सम्माननीय जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्यजनों के साथ आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। एयरपोर्ट पर पुष्पमाला, पुष्पगुच्छ और जनजातीय परंपरागत गमछा भेंट कर दोनों नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं में इस अवसर पर विशेष उत्साह देखा गया।

इस अवसर पर श्री कौशिक ने माननीय मुख्यमंत्री  एवं आदरणीय प्रदेश अध्यक्ष जी को जनजातीय गौरव दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा  जनजातीय अस्मिता, स्वाभिमान और स्वतंत्रता संग्राम के अमर प्रतीक हैं। उन्होंने मात्र 25 वर्ष की आयु में अंग्रेजी शासन के खिलाफ उलगुलान का बिगुल फूंका और जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया।  कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लेकर जनजातीय समाज को सच्ची श्रद्धांजलि दी है। मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में जनजातीय समाज के कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *