कांग्रेस जनप्रतिनिधि मंडल ने एसडीएम से की पुनः मुलाकात, शिकायत पर हुई कार्रवाई की जानकारी मांगी
तखतपुर। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तखतपुर के नेतृत्व में कांग्रेस जनप्रतिनिधि मंडल ने आज अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तखतपुर से पुनः मुलाकात कर दिनांक 22 जुलाई 2026 को प्रस्तुत शिकायत पत्र पर अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी मांगी।
ज्ञात हो कि कांग्रेस द्वारा पॉलिटेक्निक कॉलेज तखतपुर में आयोजित शासकीय कार्यक्रमों में टेंट, स्टेज, पंडाल, कुर्सी एवं अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित व्यय, बिल एवं भुगतान की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए शिकायत प्रस्तुत की गई थी। शिकायत के बावजूद अब तक जांच की प्रगति एवं की गई कार्रवाई की कोई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है।
कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने एसडीएम को सौंपे गए पत्र में मांग की कि शिकायत पर अब तक की गई कार्रवाई, जांच किस अधिकारी अथवा विभाग को सौंपी गई है, जांच की वर्तमान स्थिति, यदि जांच पूर्ण हो चुकी है तो उसकी प्रतिवेदन की प्रमाणित प्रति तथा यदि अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है तो उसके कारणों की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि यह मामला जनहित और शासकीय धन के उपयोग से जुड़ा है। इसलिए इसकी निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच आवश्यक है। यदि उचित कार्रवाई नहीं की जाती है तो कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपना जनआंदोलन आगे भी जारी रखेगी।
इस अवसर पर प्रदेश सचिव आत्मजीत सिंह मक्कड़, मुन्ना श्रीवास, सुरेश ठाकुर, अजय सिंह, जितेंद्र राज सूर्यवंशी, बिहारी देवांगन, अभिषेक पाण्डेय, बबलू गुप्ता, ओंकार सिंह, लक्ष्मण कौशिक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे। प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तखतपुर के अध्यक्ष अभ्युदय (जित्तू) तिवारी एवं नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शैलेन्द्र निर्मलकर ने किया।


