April 20, 2024

आप नेत्री दुर्गा झा ने कांग्रेस पर साधा निशाना, भूपेश सरकार को बताया महिला विरोधी

लड़की हूं, लड़ सकती हूं नारे को बताया दिखावटी

जगदलपुर में प्रियंका गांधी के दौरे को लेकर “आप” की महिला विंग ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस

अबतक की सरकारों ने छत्तीसगढ़ की भोली-भाली जनता को बेवकूफ बनाया: डॉ. उज्ज्वला

रायपुर.  कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी बस्तर दौरे पर पहुंची। इसको लेकर आम आदमी पार्टी की महिला विंग ने पार्टी कार्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान “आप” महिला विंग ने बीते रोज राजधानी रायपुर में महिला के साथ हुई पुलिसिया बर्बरता को लेकर प्रियंका गांधी के “भरोसे का सम्मेलन” पर अपना विरोध जताया। पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्गा झा ने कहा कि प्रियंका गांधी “लड़की हूं, लड़ सकती हूं” का नारा देती हैं और वहीं दूसरी तरफ जब उनकी ही सरकार में छत्तीसगढ़ की महिलाएं और बेटियां अपने हक की लड़ाई लड़ती हैं तो भूपेश सरकार की पुलिस उनके साथ बर्बरता और लाठियां बरसाती है। उनका यह नारा सिर्फ दिखावटी और झूठा है। यह सरकार महिला विरोधी सरकार है।

दुर्गा झा ने ने कहा कि छत्तीसगढ़ की महिलाएं और बेटियां भूपेश सरकार की तानाशाही अब नहीं सहेंगी। 2018 के विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस पार्टी प्रदेश की महिलाओं और बेटियों को लोकलुभावन वादे करके उन्हें सिर्फ अपने वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया, लेकिन पिछले 4 सालों में उनके लिए आज तक कोई काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि आज जब प्रदेश की बहन-बेटियां, महिलाएं, किसान, कर्मचारी और बेरोजगार युवा अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन करते हैं तो उनके साथ मानवीय व्यवहार न करते हुए उनके साथ सरकार और पुलिस दुर्व्यवहार, लाठीचार्ज और मारपीट करते हुए जेल भेजने का काम करती है।

रसोईयां संघ की प्रदेश अध्यक्ष नीलू ओगरे के साथ हुए दुर्व्यहार को लेकर पूर्व नगर अध्यक्ष बिलासपुर डॉ. उज्ज्वला कराड़े ने कहा कि भूपेश सरकार की ऐसे कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम आदमी पार्टी हमेशा आम लोगों के साथ खड़ी थी, खड़ी है और खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की भोली-भाली जनता को कुछ दिन बीजेपी और अब कांग्रेस की सरकारों ने झूठा वादा करके बेवकूफ बनाया।

दुर्गा झा ने कहा कि महिलाओं से शराबबंदी का वादा करके सत्ता में आई कांग्रेस ने अबतक शराबबंदी नहीं की और जब लोग मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से पूछते हैं तो वो कहते हैं कि शराबबंदी से पहले पीने वाले शराब पीना बंद करें और उनके आबकारी मंत्री कहते हैं कि जब तक वह जिंदा है बस्‍तर में शराबबंदी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि आज आम आदमी पार्टी ने महिलाओं के सम्मान और उनकी रक्षा के लिए हमेशा अपनी आवाज को बुलंद किया। साथ ही कर्मचारियों की मांगों का समर्थन किया और उनकी मांगें सरकार से पूरी करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post सेवा एक नई पहल संस्था ने अचानकमार में ग्रामीणों को किया जागरुक
Next post विधायक बांधी ने वार्ड क्रमांक 43 देवरीखुर्द में लगा दी विकास कार्यों की झड़ी एक के बाद एक विकास कार्यों का किया भूमिपूजन
error: Content is protected !!