ट्रैफिक जाम से बिलासपुर को मिलेगी राहत, 827 करोड़ की लागत से बनेगा 4-लेन रिंग रोड
केंद्रीय मंत्री ने नितिन गडकरी से की मुलाकात
बिलासपुर। बिलासपुर शहर को ट्रैफिक जाम की समस्या से स्थायी राहत दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री से नई दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बिलासपुर के लिए प्रस्तावित 4-लेन रिंग रोड परियोजना की स्वीकृति एवं निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया।
मुलाकात में तोखन साहू ने बताया कि बिलासपुर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए लगभग 827.20 करोड़ की लागत से प्रस्तावित 4-लेन रिंग रोड शहर की प्रमुख आवश्यकता बन गई है। यह परियोजना एनएच-130, एनएच-130ए और एनएच-49 को आपस में जोड़ेगी, जिससे भारी मालवाहक वाहनों का शहर के भीतर प्रवेश कम होगा और आम नागरिकों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि रिंग रोड के निर्माण से औद्योगिक, व्यावसायिक एवं आवासीय क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी, यात्रा समय में कमी आएगी तथा बिलासपुर के समग्र शहरी विकास को नई गति मिलेगी।


