गुरु पूर्णिमा पर बनोरा अघोर गुरु पीठ पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव

 

अघोरेश्वर भगवान राम के दर्शन कर बाबा प्रियदर्शी राम से लिया आशीर्वाद, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

रायगढ़ । गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंगलवार को रायगढ़ प्रवास के दौरान ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरु पीठ पहुंचे। मुख्यमंत्री ने श्रद्धा एवं आस्था के साथ अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने अघोरेश्वर भगवान राम के परम शिष्य पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम से भेंट कर उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री ने आश्रम के उपासना स्थल पर पूजा-अर्चना करते हुए आध्यात्मिक परंपराओं के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। इस दौरान आश्रम परिसर में श्रद्धालुओं एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी, महापौर जीवर्धन चौहान,नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू, अरुणधर दीवान,पूर्व विधायक विजय अग्रवाल,श्रीकांत सोमावार, सुभाष पांडेय,विवेक रंजन सिंह, पवन शर्मा,आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

तीन दशक से सेवा,साधना और संस्कारों का केंद्र बना बनोरा
रायगढ़ जिले के पूर्वांचल स्थित ग्राम बनोरा का अघोर गुरु पीठ आज आध्यात्मिक साधना के साथ-साथ मानव सेवा और समाज कल्याण का प्रमुख केंद्र बन चुका है। करीब तीन दशक पूर्व पूज्य अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम के प्रिय शिष्य बाबा प्रियदर्शी राम ने यहां अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट की स्थापना की थी। तब से यह पीठ आध्यात्मिक चेतना के साथ शिक्षा, चिकित्सा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है।
बाबा प्रियदर्शी राम के मार्गदर्शन में बनोरा से शुरू हुई सेवा परंपरा आज प्रदेश ही नहीं, देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंच चुकी है। ट्रस्ट की विभिन्न शाखाओं के माध्यम से जरूरतमंदों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार और मानवीय सेवा से जुड़े अनेक कार्य नियमित रूप से संचालित किए जा रहे हैं।

मानव सेवा को बनाया कार्य का आधार
अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट केवल धार्मिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों के उत्थान को अपनी प्राथमिकता मानकर कार्य कर रहा है। शिक्षा, चिकित्सा, सामाजिक सहयोग और आध्यात्मिक संस्कारों के माध्यम से लोगों को आत्मनिर्भर बनाने तथा मानवीय मूल्यों को सशक्त करने की दिशा में ट्रस्ट लगातार योगदान दे रहा है।

कैलाशपति धाम में किया जलाभिषेक
बनोरा अघोर गुरु पीठ से लौटते समय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायगढ़ के पंडरीपानी स्थित कैलाशपति धाम मनकामेश्वर शिव मंदिर भी पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ का विधिवत जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *