सीएम हेल्पलाइन के आवेदक से कलेक्टर ने की सीधी बात,दिया समाधान का भरोसा

 

समस्याओं के त्वरित निराकरण के अधिकारियों को दिए निर्देश

स्कूल प्रवेश उत्सव, खाद-बीज वितरण, सुशासन तिहार, अरपा पुनर्जीवन एवं राजस्व प्रकरणों की समीक्षा

बिलासपुर. कलेक्टर  संजय अग्रवाल ने आज आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, पीएमओ पोर्टल, मुख्यमंत्री जनदर्शन, सीजी ग्रिवांस, मुख्यमंत्री घोषणाओं तथा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल सहित जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान कलेक्टर श्री अग्रवाल ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए बिरकोना निवासी श्री राजेंद्र साहू से स्वयं फोन पर चर्चा की। जब कलेक्टर ने अपना परिचय देते हुए कहा कि “मैं कलेक्टर बिलासपुर बोल रहा हूं”, तो श्री साहू को एक बार विश्वास नहीं हुआ। कलेक्टर ने उन्हें आश्वस्त करते हुए उनकी शिकायत की जानकारी ली। श्री साहू ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत दिए गए आवेदन पर कार्रवाई की जानकारी चाही थी। कलेक्टर ने बताया कि योजना का पोर्टल वर्तमान में बंद है तथा पोर्टल प्रारंभ होते ही नियमानुसार कार्रवाई कर उन्हें योजना का लाभ दिलाया जाएगा। इस पर आवेदक ने संतोष व्यक्त किया।
कलेक्टर ने आगामी स्कूल प्रवेश उत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में उत्साहपूर्वक प्रवेश उत्सव आयोजित किया जाए तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए। उन्होंने जर्जर भवनों में बच्चों की पढ़ाई नहीं कराने, न्योता भोज आयोजित करने तथा शैक्षणिक गुणवत्ता और परीक्षा परिणाम सुधारने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के बीच समसामयिक विषयों पर नियमित चर्चा हो तथा आरटीई के तहत प्रवेश प्राप्त बच्चों के साथ किसी प्रकार का भेदभाव न किया जाए। स्कूली बसों की जांच तथा निजी विद्यालयों में शासन के नियमों के पालन पर भी विशेष जोर दिया गया।
खाद एवं बीज वितरण की समीक्षा में बताया गया कि जिले में पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष लगभग 2 हजार मीट्रिक टन अधिक उर्वरक का वितरण किया गया है। कलेक्टर ने समितिवार उपलब्धता की जानकारी लेते हुए परिवहन व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा अतिरिक्त वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में अरपा नदी के पुनर्जीवन एवं समन्वित विकास पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने नदी किनारों पर व्यापक पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण तथा नदी के प्राकृतिक स्वरूप को पुनर्स्थापित करने के लिए योजनाबद्ध कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अरपा नदी को पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित करने की अपार संभावनाएं हैं, जिन पर गंभीरता से कार्य किया जाना चाहिए।
सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने बताया कि इस वर्ष लगभग 27 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने शेष लगभग 12 हजार लंबित आवेदनों का निराकरण एक सप्ताह के भीतर करने के निर्देश दिए। जल संरक्षण के लिए बनाए जा रहे इंजेक्शन वेल की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा यह सुनिश्चित करने को कहा कि केवल स्वच्छ एवं फिल्टर किया हुआ पानी ही भू-जल स्तर तक पहुंचे। राजस्व विभाग की समीक्षा में उन्होंने एक वर्ष एवं तीन वर्ष से लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों की पहचान कर राहत शिविरों के लिए स्थान चिन्हित करने को कहा। उन्होंने बताया कि वर्षा ऋतु के कारण नदियों से रेत उत्खनन पर प्रतिबंध लागू हो गया है तथा खनिज विभाग को अवैध उत्खनन पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सर्पदंश राहत प्रकरणों में लापरवाही बरतने वाले दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 13 जुलाई से 17 जुलाई तक विधानसभा का सत्र प्रस्तावित है, इसलिए प्राप्त होने वाले सभी प्रश्नों का समयबद्ध एवं तथ्यपरक उत्तर तैयार रखा जाए। बैठक में 28 जून से 30 जून तक आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई तथा अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों को समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पीएमओ पोर्टल, मुख्यमंत्री जनदर्शन, मुख्यमंत्री घोषणाओं, सीजी ग्रिवांस तथा विभिन्न आयोगों एवं उच्च कार्यालयों से प्राप्त पत्रों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!