ईलाइट मेडिसिटी हॉस्पिटल में 19 घंटे का इलाज, पौने 5 लाख का बिल

 

०. मौत के बाद परिजनों को लगा दूसरा झटका
०. बार्गेनिंग के बाद 2.25 लाख में मामला डन
०. हार्ट अटैक से मरीज की मौत के बाद बिलिंग पर सवाल

बिलासपुर। शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान हार्ट अटैक से मरीज की मौत के बाद परिजनों को कथित तौर पर करीब पौने 5 लाख रुपये का बिल थमाए जाने का मामला सामने आया है। परिजनों के मुताबिक मरीज अस्पताल में करीब 19 घंटे रहा और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत के सदमे से जूझ रहे परिवार के सामने जब अस्पताल का भारी-भरकम बिल आया तो उनके होश उड़ गए। परिजनों और परिचितों द्वारा अस्पताल प्रबंधन से बातचीत और कथित तौर पर बार्गेनिंग के बाद करीब 2 लाख 25 हजार रुपये में भुगतान कर शव सौंपे जाने की बात सामने आई है। मामले ने शहर में निजी अस्पतालों की बिलिंग व्यवस्था, इलाज की लागत और मरीजों के परिजनों की मजबूरी को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि मरीज को सीने में दर्द की शिकायत हुई थी। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे मरीज अपने बेटे के साथ ऑटो से ईलाइट मेडिसिटी हॉस्पिटल पहुंचा। परिजनों के अनुसार अस्पताल में मरीज का उपचार शुरू किया गया। करीब 19 घंटे बाद बुधवार सुबह 9 से 10 बजे के बीच मरीज की मौत हो गई। परिवार के मुखिया की मौत का दुख अभी कम भी नहीं हुआ था कि अस्पताल की ओर से कथित तौर पर करीब पौने 5 लाख रुपये का बिल सामने रख दिया गया। अचानक सामने आए इस बिल को देखकर परिजन और उनके परिचित हैरान रह गए। परिजनों का सवाल था कि जब मरीज अस्पताल में करीब 19 घंटे ही रहा तो इतनी बड़ी रकम किस मद में खर्च हुई? परिजनों के अनुसार उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से बिल को लेकर बातचीत की। परिचितों के माध्यम से भी अस्पताल प्रबंधन से संपर्क किया गया। इसके बाद कथित तौर पर बिल की रकम घटाकर 2 लाख 25 हजार रुपये के आसपास कर दी गई। यानी शुरुआती तौर पर बताए गए करीब पौने 5 लाख रुपये के मुकाबले अंतिम भुगतान की रकम आधे से भी कम रही। यही अंतर अब पूरे मामले का सबसे बड़ा सवाल बन गया है। हालांकि अस्पताल की ओर से बिल की वास्तविक मदों, डिस्काउंट और अंतिम भुगतान को लेकर आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने आना बाकी है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बिल में किन-किन सेवाओं और उपचार मदों को शामिल किया गया था।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *