पेंडलवार हॉस्पिटल में घोर लापरवाही, आपरेशन के दौरान महिला के पेट में सिलाई के धागे छोडऩे का आरोप

बिलासपुर। शहर के एक निजी अस्पताल पर कथित चिकित्सकीय लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। सरकंडा थाना क्षेत्र के ग्राम बिजौर (बहतराई) निवासी एक महिला के डिलीवरी ऑपरेशन के दौरान उसके पेट में सिलाई के धागे छोड़ दिए जाने का आरोप पेंडलवार हॉस्पिटल पर लगा है। मामले की शिकायत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से की गई है। शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने के लिए तलब किया है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो नर्सिंग होम एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बिजौर निवासी रेखा सूर्यवंशी को प्रसव के लिए 12 जून 2026 को पेंडलवार हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका ऑपरेशन कर डिलीवरी कराई गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ऑपरेशन के दौरान अस्पताल प्रबंधन एवं संबंधित सर्जन की गंभीर लापरवाही के चलते महिला के पेट के भीतर सिलाई के धागे छोड़ दिए गए। ऑपरेशन के बाद महिला को लगातार असहनीय पेट दर्द, उल्टी और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ा। परिजनों का आरोप है कि जब महिला को दोबारा पेंडलवार हॉस्पिटल ले जाया गया तो बिना किसी आवश्यक जांच के यह कहकर वापस भेज दिया गया कि कुछ दिनों में वह पूरी तरह स्वस्थ हो जाएगी और किसी प्रकार की चिंता की आवश्यकता नहीं है। लेकिन महिला की हालत लगातार बिगड़ती गई। स्थिति गंभीर होने पर परिजनों ने महिला को अपोलो हॉस्पिटल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने आवश्यक जांच और स्कैन कराया, जिसमें कथित तौर पर महिला के पेट के भीतर चार से पांच सिलाई के धागे पाए गए। इसके बाद डॉक्टरों को दोबारा ऑपरेशन करना पड़ा और पेट के अंदर छोड़े गए धागों को बाहर निकाला गया। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यदि समय रहते सही उपचार नहीं मिलता तो महिला की जान को भी खतरा हो सकता था।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *