पुरानी कम्पोजिट बिल्डिंग की समस्याओं के निराकरण हेतु कर्मचारी संगठन ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

 

बिलासपुर. पुरानी कम्पोजिट बिल्डिंग में संचालित शाससकीय विभागों के कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रतिनिधि मंडल ने भवन की जर्जर स्थिति एवं विभिन्न मूलभूत समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल को आज पांच सूत्रीय मांगपत्र सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में बताया कि इस वर्ष हुई भारी वर्षा के कारण पुरानी कम्पोजिट बिल्डिंग में जगह-जगह सीपेज की समस्या उत्पन्न हो गई है। कई कार्यालयों के भीतर पानी भरने से कर्मचारियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन प्राप्त होने के बाद कलेक्टर ने तत्काल लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों से फोन पर चर्चा कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कर्मचारियों ने बताया कि वर्ष 1959 में निर्मित यह भवन अब काफी पुराना और जर्जर हो चुका है। इसे डिस्मेंटल कर नई बिल्डिंग निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने की मांग भी की गई है। इसके अलावा भवन की आंशिक मरम्मत एवं रंगरोगन, पर्याप्त वाहन पार्किंग की व्यवस्था, पुरुष एवं महिला कर्मचारियों के लिए जर्जर हो चुके शौचालयों का जीर्णाेद्धार, नया ट्रांसफार्मर लगाने तथा नवीन विद्युत चालक (लाइन) की व्यवस्था करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।
कलेक्टर ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि वर्षा समाप्त होने के बाद सितंबर 2026 से आवश्यक कार्य प्रारंभ कराने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। ज्ञापन सौंपने वाले अधिकारी-कर्मचारियों में प्रमुख रूप से श्री सुनील यादव, श्री आर.के. गुप्ता, सूर्यप्रकाश कश्यप, राहुल यादव, देवेंद्र ठाकुर, किशोर शर्मा, जियाली राम सुरक्षित, एच.एन. पुरैना, डी.के. पाटिल, मनीष रात्रे, श्रीमती श्वेता दुबे, मीनू अग्रवाल, मुक्ति मेरी, ममता रायकर, शिवानी मुले, चंद्रेश तथा अवधेश कुमार तिवारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *