दो युवकों ने डंडों से पीट-पीटकर बुजुर्ग किसान की कर दी हत्या
घटना के बाद दोनों आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
बिलासपुर। किराना दुकान में लेनदेन की बात को लेकर बुजुर्ग और दो ग्राहकों के बीच विवाद हो गया, जिससे गुस्से में आकर दोनों आरोपियों ने बीच सडक़ पर लाठी व डंडों पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम जांच करने पहुंची। शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
कोटा पुलिस ने बताया कि ग्राम खुरदुर निवासी सिदेशी उर्फ बोधन बघेल (42) खेती-किसानी करता था। बीते 29 जुलाई की रात 9.10 बजे ग्राम खुरदूर स्थित विकास किराना स्टोर के सामने दुकान का सामान व पैसों के लेन-देन को लेकर सिरदेशी और निखिल यादव (23) व अंकुश रजक (22) के बीच विवाद हो गया। विवाद बढऩे पर दोनों ने डंडों से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उसके सिर पर गंभीर चोट लगी और वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बोधन और दोनों आरोपियों के बीच पुरानी रंजिश थी। इसी रंजिश के चलते आरोपी मौके की तलाश में थे। बोधन को अकेला देखकर उन्होंने विवाद शुरू किया और डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह खून से लथपथ बेहोश होकर जमीन पर गिर गया।


