बिलासपुर में मलेरिया ने बढ़ाई चिंता, 21 मरीज मिले

 

स्वास्थ्य विभाग ने तेज किया घर-घर सर्वे

बिलासपुर। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मलेरिया के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। सीएमएचओ डॉ. शुभा गढ़ेवाल ने बताया कि जिले में अब तक मलेरिया के 21 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। संक्रमण पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाते हुए घर-घर सर्वे, जांच और उपचार का कार्य तेज कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में घर-घर पहुंचकर बुखार से पीड़ित लोगों की आरडी किट से जांच कर रही हैं। जिन लोगों में मलेरिया की पुष्टि हो रही है, उनका तत्काल उपचार शुरू किया जा रहा है, ताकि संक्रमण का प्रसार रोका जा सके। विभाग की ओर से गांवों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और कलेक्टर स्तर पर भी अभियान की मॉनिटरिंग की जा रही है। सीएमएचओ ने बताया कि प्रभावित इलाकों में लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने और बुखार होने पर तुरंत जांच कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि समय पर जांच और उपचार के माध्यम से मलेरिया पर प्रभावी नियंत्रण का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, बढ़ते मामलों के बीच अब नजर इस बात पर रहेगी कि विभाग का विशेष अभियान जमीनी स्तर पर कितना असर दिखा पाता है और आने वाले दिनों में मलेरिया के नए मामलों पर कितनी प्रभावी रोक लगती है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *