साथी आरक्षक का मोबाइल चुराकर खाते से निकाले 4.87 लाख, ऑनलाइन गेम में उड़ा दी रकम

 

बैरक से मोबाइल चोरी कर आधार नंबर से बनाई यूपीआई आईडी

साइबर थाना ने आरोपी पुलिसकर्मी को किया गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। साइबर थाना पुलिस ने अपने ही साथी पुलिसकर्मी के साथ ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी करने वाले एक आरक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बैरक से साथी आरक्षक का मोबाइल चोरी किया, मोबाइल में मौजूद जानकारी का दुरुपयोग कर नई यूपीआई आईडी बनाई और बैंक खाते से ₹4,87,911 निकाल लिए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ऑनलाइन गेम खेलने का आदी है और निकाली गई अधिकांश रकम गेमिंग में खर्च कर दी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के ग्राम चांदो निवासी आरक्षक सुधीर कुमार सिंह (41), जो 11वीं बटालियन जांजगीर में पदस्थ हैं, ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 23 अप्रैल 2026 की रात करीब 10 बजे उन्होंने अपना वीवो वाई-21 मोबाइल बैरक में चार्जिंग पर लगाया था। रात करीब 11 बजे ड्यूटी पर जाने से पहले मोबाइल लेने पहुंचे तो वह गायब था। कुछ दिनों बाद जरूरत पड़ने पर बैंक पहुंचे तो खाते में रकम नहीं मिली। बैंक स्टेटमेंट निकलवाने पर पता चला कि 24 अप्रैल से 3 मई 2026 के बीच विभिन्न ऑनलाइन ट्रांजेक्शनों के जरिए 4,87,911 रुपए निकाल लिए गए हैं। इसके बाद उन्होंने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस का संदेह 11वीं बटालियन में पदस्थ आरक्षक सुनील कुमार यादव पर गया। पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल चोरी करने और उसमें उपलब्ध आधार नंबर की मदद से यूपीआई आईडी बनाकर बैंक खाते से रकम निकालने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने बताया कि आरोपी घटना के बाद से बटालियन परिसर से भी गायब था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66-सी और 66-डी के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *