नट समुदाय को मुख्यधारा में लाने का प्रयास आरंभ

 

 

बिलासपुर/लोरमी.  विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं राज्य के उपमुख्यमंत्री अरूण साव जी के संरक्षण एवं छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. विनय कुमार पाठक जी के मार्गदर्शन तथा राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित प्रधान पाठक प्रान्तीय संयोजक डॉ. सत्यनारायण तिवारी जी के कुशल संयोजन में शास. पूर्व माध्य. शाला हरदीबांध में पदस्थ शिक्षक अमित कुमार डड़सेना ,दयाराम साहू , युगल किशोर राजपूत,पूनम सिंह राजपूत,कृष्ण कुमार राजपूत, रामनिवास राजपूत,पूर्व सैनिक संतोष साहू विद्यानंद कश्यप वैभव कुमार धृतलहरे ,सुरेश कुमार नट गनपत कुमार साहू द्वारा मुंगेली जिले में निवासरत नट (डंगचगहा) जाति के लोगों को भिक्षावृत्ति से हटाकर समाज की मुख्यधारा में लाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रयास के द्वितीय चरण में मुंगेली जिले के विभिन्न गॉंवों में निवासरत नट समुदाय के प्रतिनिधियों की बैठक संपन्न हुई। ग्राम हरदीबांध में आयोजित इस बैठक का मुख्य उद्देश्य नट समुदाय में पीढ़ियों से चली आ रही भिक्षावृत्ति की प्रथा को समाप्त करना, शिक्षा के प्रति जागरूक करना, स्वावलंबी बनाना और विभिन्न समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान का प्रयास करना रहा।
बैठक के दौरान समुदाय में व्याप्त विभिन्न सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक समस्याओं की पहचान की गई तथा उनके समाधान हेतु ठोस निर्णय लिए गए।बैठक में चर्चा हुई कि ​आजीविका के साधन के रूप में भिक्षावृत्ति का सहारा लेना सामाजिक विकास में सबसे बड़ी बाधा है। ​स्थाई रोजगार का अभाव व हुनर होने के बावजूद सरकारी योजनाओं की जानकारी न होने से आर्थिक तंगी बनी रहती है। जाति प्रमाण पत्र नहीं बन पाना वर्तमान में एक प्रमुख समस्या है जिसके कारण समुदाय छात्रवृत्ति, शिक्षा एवं रोजगार में आरक्षण सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित हो रहा है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जाति प्रमाण पत्र संबंधी समस्याओं के समाधान का विशेष प्रयास किया जाएगा। भिक्षावृत्ति बंद किया जाएगा, विद्यालय में बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन कराया जाएगा तथा उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। ​आत्म-निर्भरता हेतु युवाओं को हस्तशिल्प, स्वरोजगार और सरकारी कौशल विकास योजनाओं से जोड़ा जाएगा, ताकि वे सम्मानजनक रोजगार पा सकें।
डॉ. सत्यनारायण तिवारी जी ने भिक्षावृत्ति को दूर करने का तरीका व समाज को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम शिक्षा को ही बतलाया।डाक्टर तिवारी ने नट जाति के विकास में आनेवाली प्रत्येक बाधा को दूर करने के लिए लोरमी के यशस्वी विधायक एवम उपमुख्यमंत्री अरूण साव जी से मिलकर समस्याओं के उचित निराकरण की बातें कहीं ।बैठक का संचालन करते हुए शिक्षक अमित के.डी. ने कहा ​”ग़रीबी और कुरीतियों की ज़ंजीरों को तोड़ने की ताक़त केवल शिक्षा में है। शिक्षा से आने वाली कई पीढ़ियों की तक़दीर बदलती है।”
बैठक के अध्यक्ष ग्राम पंचायत हरदीबांध के पूर्व सरपंच सुरेश कुमार नट ने डॉक्टर तिवारी सहित सभी शिक्षको एवं सदस्यों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि “शिक्षा ही वह एकमात्र मार्ग है जो हमारी आने वाली पीढ़ियों को इस दलदल से निकाल सकती है। यदि हम अपने बच्चों के हाथों में कटोरे की जगह कलम देंगे, तभी समाज में सम्मानजनक स्थान प्राप्त कर सकेंगे।”
इस बैठक में ग्राम घोसर्रा से जितेन्द्र नट, खपरी (कलॉ) से प्रकाश नट, भूरका से विरेन्द्र नट, सेतगंगा से अशोक नट, डोड़ा से कमलेश नट, गोंड़खाम्ही से गोविन्द नट, दीपक कुमार नट तथा हरदीबांध से सुरेश कुमार नट, अमृत लाल नट, रोहित नट, आशीष नट, अशोक नट सहित बच्चे और महिलाएँ उपस्थित रहीं।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *